ITC Share Crash: 5% और टूटा शेयर, 3-साल के निचले स्तर पर आया भाव; ब्रोकरेज ने घटाए टारगेट प्राइस

ITC Share Price: आईटीसी लिमिटेड (ITC Ltd) के शेयरों में शुक्रवार 2 जनवरी को लगातार दूसरे दिन तगड़ी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर करीब 5 फीसदी तक गिरकर 345.25 रुपये के स्तर पर आ गए। यह इसका पिछले तीन सालों, यानी जनवरी 2023 के बाद का सबसे निचला स्तर है

अपडेटेड Jan 02, 2026 पर 10:51 AM
Story continues below Advertisement
ITC Share Price: नोमुरा ने ITC के टारगेट प्राइस 540 रुपये से घटाकर 340 रुपये कर दिया है

ITC Share Price: आईटीसी लिमिटेड (ITC Ltd) के शेयरों में शुक्रवार 2 जनवरी को लगातार दूसरे दिन तगड़ी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर करीब 5 फीसदी तक गिरकर 345.25 रुपये के स्तर पर आ गए। यह इसका पिछले तीन सालों, यानी जनवरी 2023 के बाद का सबसे निचला स्तर है। इससे पहले गुरुवार 1 जनवरी को भी आईटीसी के शेयरों में करीब 10 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। यह गिरावट नए साल से सिगरेट पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ोतरी लागू होने की खबर के बाद आई।

सरकार ने गुरुवार 1 जनवरी को सिगरेट पर टैक्स बढ़ाने का नोटिफिकेशन जारी किया। इससे सिगरेट कंपनियों को लेकर निवेशकों और एनालिस्ट्स में चिंता बढ़ गई। कई बड़े ब्रोकरेज हाउसों ने आईटीसी के शेयर पर अपनी रेटिंग घटा दी है और इसके टारगेट प्राइस में भी भारी कटौती की है। आईटीसी देश की सबसे बड़ी सिगेरट कंपनी है।

ब्रोकरेज फर्मों की क्या है राय?

ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने आईटीसी की रेटिंग को ‘Buy’ से घटाकर ‘होल्ड’ कर दिया है और इसका टारगेट प्राइस पहले के मुकाबले कम कर 415 रुपये कर दिया है। नुवामा का कहना है कि टैक्स बढ़ोतरी की उम्मीद तो थी, लेकिन यह बढ़ोतरी अनुमान से कहीं ज्यादा है। इससे सिगरेट वॉल्यूम, EBITDA अनुमान और वैल्यूएशन सभी पर दबाव पड़ेगा।


मोतीलाल ओसवाल ने भी आईटीसी की रेटिंग को ‘Buy’ से घटाकर ‘न्यूट्रल’ कर दिया है और टारगेट प्राइस घटाकर 400 रुपये किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि मौजूदा प्रति सिगरेट स्टिक नेट रियलाइजेशन को बनाए रखने के लिए कंपनी को पूरे पोर्टफोलियो स्तर पर करीब 25 फीसदी तक कीमतें बढ़ानी पड़ सकती हैं।

मोतीलाल ओसवाल के अनुसार, हाल के सालों में स्थिर टैक्स व्यवस्था के चलते अवैध सिगरेट बाजार पर लगाम लगी थी और इसी वजह से पिछले पांच साल में आईटीसी की सिगरेट बिक्री में करीब 5 फीसदी की CAGR ग्रोथ देखने को मिली थी।

जेपी मॉर्गन ने भी ITC की रेटिंग को ‘अंडरवेट’ से बढ़ाकर ‘न्यूट्रल’ किया है, लेकिन टारगेट प्राइस 475 रुपये से घटाकर 375 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी टैक्स का बोझ काफी हद तक ग्राहकों पर डाल देगी, लेकिन इससे वॉल्यूम और मुनाफे की रफ्तार पर असर पड़ेगा और अगले 6–9 महीनों में शेयर में ज्यादा तेजी की गुंजाइश सीमित रहेगी।

नोमुरा ने दिया 340 रुपये का टारगेट

नोमुरा ने भी ITC पर सबसे सख्त रुख अपनाया है। ब्रोकरेज ने स्टॉक की रेटिंग को ‘Buy’ से सीधे घटाकर ‘रिड्यूस’ कर दिया और टारगेट प्राइस 540 रुपये से घटाकर 340 रुपये कर दिया है। नोमुरा का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में आईटीसी की सिगरेट वॉल्यूम में करीब 15 फीसदी और नेट सिगरेट सेल्स में 14 फीसदी तक की गिरावट आ सकती है, जिससे सेगमेंट EBIT पर करीब 17 फीसदी का असर पड़ेगा।

मॉर्गन स्टेनली ने भी आईटीसी को ‘ओवरवेट’ से घटाकर ‘इक्वलवेट’ किया है और टारगेट प्राइस 469 रुपये से घटाकर 366 रुपये कर दिया है। वहीं, जेफरीज ने स्टॉक को ‘बाय’ से ‘होल्ड’ कर दिया है और टारगेट 535 रुपये से घटाकर 400 रुपये कर दिया है। यूबीएस ने टारगेट प्राइस 490 रुपये से घटाकर 430 रुपये कर दिया है, हालांकि उसने अपनी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है।

हालांकि, कुछ ब्रोकरेज यह भी मानते हैं कि मजबूत डिविडेंड यील्ड, तंबाकू के कच्चे माल की लागत में आने वाले सालों में नरमी, आईटीसी का बड़ा फूड पोर्टफोलियो और पेपर बिजनेस का विस्तार कंपनी को पूरी तरह कमजोर नहीं होने देगा। इसके बावजूद, अचानक और बड़ी टैक्स बढ़ोतरी ने फिलहाल आईटीसी के शेयर पर दबाव बढ़ा दिया है और निवेशकों के लिए निकट भविष्य में सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- Vodafone Idea Shares: 48% तक क्रैश हो सकता है स्टॉक, ब्रोकरेज ने दी तुरंत बेचने की सलाह

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।