ITC share price: जापानी ब्रोकरेज हाउस नोमुरा (Nomura) ITC पर काफी बुलिश नजर आ रहा है। नोमुरा ने ITC पर जारी अपने नोट में कहा है कि आईटीसी के सिगरेट बिजनेस के वॉल्यूम में मजबूती बनी हुई है, एफएमसीजी कारोबार के मार्जिन में सुधार हो रहा है। इसके साथ ही होटल बिजनेस में औसत रूम रेंटल (एआरआर) में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ग्रामीण मांग के रुझान में सुधार और सिगरेट कारोबार में लगातार हो रहे प्रीमियमाइजेश के साथ कंपनी के सीएजीआर में मजबूती देखने को मिल सकती है।
कंपनी के मार्च तिमाही के रेवेन्यू में साल-दर-साल आधार पर 17 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। इस अवधि में कंपनी की रेवेन्यू 70937 करोड़ रुपये रही है। होटल कारोबार में कोविड के बाद की मांग में बढ़ोतरी हुई। FY23 में ITC का ऑपरेटिंग मार्जिन पिछले वर्ष की तुलना में 36 फीसदी और मुनाफा 26 फीसदी बढ़कर 19477 करोड़ रुपये पर रहा है।
नोमुरा का कहना है कि वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में ITC के सिगरेट कारोबार के वॉल्यूम में मजबूती रही है। सिगरेट कारोबार में बढ़ते प्रीमियमाइजेश से कंपनी को फायदा हुआ है। जिसके कारण वित्त वर्ष 2023 की चौथी तिमाही में कंपनी के प्रोडक्ट मिक्स में 1.5-2 फीसदी का फायदा हुआ है। कंपनी ने स्टॉकिस्टों की संख्या को दोगुना करके 60000 तक कर दिया है। इसके साथ ही दुकानों के मरम्मत (shop refurbishments) पर भी फोकस किया गया है। जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में कंपनी की पैठ को विस्तार मिला है। पिछले तीन सालों में,ITC ने अपनी बाजार हिस्सेदारी में 200 आधार अंकों (2 फीसदी) से ज्यादा की बढ़त की है। इसके अलावा अवैध सिगरेट कारोबारियों के विरुद्ध सरकारी कार्रवाइयों के कारण प्रतिस्पर्धा में कमी आई है। नए जमाने के धूम्रपान करने वालों के बीच ITC के कैप्सूल सिगरेट की मांग बढ़ी है।
एफएमसीजी कारोबार पर नोमुरा
कंपनी एग्री बिजनेस जैसे नए कारोबारों में भी कदम रख रही है। इससे कंपनी की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में बढ़ोतरी होगी। देश की एक बड़ी जूस बनाने वाली कंपनी शायद जूस कारोबार पर अपना फोकस कम कर रही है। इसका फायदा ITC को मिल सकता है। कंपनी का एफएमसीजी कारोबार में फ्री कैश फ्लो का पॉजिटिव जेनरेशन कंपनी के लिए शुभ संकेत है।
नोमुरा का कहना है कि कोविड-19 महामारी के बाद आईटीसी के होटल कारोबार में हाई एआरआर के साथ अच्छी रिकवरी देखने को मिल रही है। स्ट्रैटेजिक एसेट मैनेजमेंट ने अगले दो वर्षों में आईटीसी के छह ब्रांडों में कमरों की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई है। बेहतर होटल मार्जिन से इस सेगमेंट के रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड (आरओसीई) में मदद मिलेगी।
अपने इस विश्लेषण के आधार पर नोमुरा ने ITC को 'buy' रेटिंग देते हुए 485 रुपए का टारगेट दिया है। स्टॉक की चाल की बात करें तो 1.30 बजे के आसपास ये स्टॉक 4.05 रुपए यानी 0.90 फीसदी की बढ़त के साथ 452 रुपए के आसपास दिख रहा था। स्टॉक का आज का हाई 453.90 रुपए और दिन का लो 447.90 रुपए है। इस स्टॉक का 52 वीक हाई 453.90 और 52 वीक लो 258.55 रुपए है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।