Rekha Jhunjhunwala Portfolio: रेखा झुनझुनवाला ने अपने पोर्टफोलियो में दिसंबर 2022 तिमाही एक सरकारी बैंक को शामिल किया है। पहली बार में ही उन्होंने इस सरकारी बैंक Canara Bank में दो फीसदी से अधिक हिस्सेदारी खरीदी है। इसके शेयर हाल ही में पांच साल के हाई लेवल पर पहुंचे थे लेकिन फिलहाल बाजार की कमजोरी के चलते यह भी दबाव में आया। फिलहाल केनरा बैंक 320.35 रुपये के भाव (Canara Bank Share Price) पर है। यह शुक्रवार 6 जनवरी का क्लोजिंग प्राइस है। इसका मार्केट कैप 58,115.66 करोड़ रुपये है। इस बैंक मे रेखा झुनझुनवाला के अलावा देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी LIC की भी हिस्सेदारी है।
Rekha Jhunjhunwala और LIC का Canara Bank में निवेश
बीएसई पर मौजूद दिसंबर 2022 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक रेखा झुनझुनवाला के पास केनरा बैंक के 3,75,97,600 इक्विटी शेयर हैं। यह बैंक में 2.07 फीसदी हिस्सेदारी है। इसमें LIC ने भी पैसा लगा हुआ है। एलआईसी के पास केनरा बैंक को 16,02,67,464 इक्विटी शेयर हैं जो 8.83 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। केनरा बैंक में प्रमोटर्स की 62.93 फीसदी हिस्सेदारी है।
सितंबर 2022 तिमाही के नतीजे के बाद से चढ़ रहे शेयर
केनरा बैंक के शेयर 3 जनवरी को पांच साल के हाई पर पहुंचे थे। यह बीएसई पर इंट्रा-डे में 341.60 रुपये के भाव पर था जो फरवरी 2018 के बाद का हाई लेवल था। इसके शेयरों में सितंबर 2022 तिमाही के नतीजे आने के बाद से ही तेजी का रुझान दिख रहा था। जुलाई-सितंबर 2022 में बैंक को सालाना आधार पर 89 फीसदी अधिक 2525 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ था। वहीं एडवांसेज में अच्छी ग्रोथ के चलते ब्याज से होने वाली नेट इनकम ने बैंक को बेहतर सपोर्ट दिया। बैंक को जुलाई-सितंबर 2022 में सालाना आधार पर 18.5 फीसदी अधिक 7434 करोड़ रुपये की नेट इंटेरेस्ट इनकम हासिल हुई।
ब्रोकरेज फर्मों का क्या है कहना
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज के मुताबिक 3,950 करोड़ रुपये या कर्ज की तुलना में 2.4 फीसदी का स्लिपेज अनुमान से ज्यादा है। हालांकि ऊंची रिकवरी और राइट ऑफ के साथ मजबूत क्रेडिट ग्रोध के साथ ग्रॉस एनपीए रेश्यो 61 बीपीएस (0.61 फीसदी) घटकर 6.4 फीसदी रह गया है। फिच रेटिंग्स (Fitch Ratings) का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष 2022-23 में बैंक का लोन ग्रोथ 10 फीसदी से अधिक रह सकता है। इसे कॉरपोरेट में क्रेडिट की बढ़ती मांग से सपोर्ट मिलेगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।