जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, प्रमोटर ग्रुप के सदस्यों को कनवर्टिबल वॉरंट जारी करके 15825 करोड़ रुपये जुटाएगी। यह प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर प्रिफरेंशियल इश्यू होगा। प्रपोजल को कंपनी के बोर्ड ने 30 जुलाई को मंजूरी दे दी। मुकेश अंबानी परिवार और समूह की विभिन्न होल्डिंग एंटिटीज सहित जियो फाइनेंशियल के प्रमोटर्स के पास कंपनी में कुल 47.12 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कनवर्टिबल वॉरंट जारी किए जाने के बाद प्रमोटर्स की हिस्सेदारी बढ़कर 54.19 प्रतिशत हो जाएगी।
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने शेयर बाजारों को बताया है कि बोर्ड ने 316.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से 50 करोड़ वॉरंट जारी कर फंड जुटाने को मंजूरी दी। हर वॉरंट 10 रुपये फेस वैल्यू वाले एक फुली पेडअप इक्विटी शेयर में कनवर्ट हो सकता है। कुल 15,825 करोड़ रुपये के कनवर्टिबल वॉरंट जारी होंगे। प्रपोजल पर अभी कंपनी के मेंबर्स की मंजूरी और अन्य रेगुलेटरी अप्रूवल्स लिया जाना बाकी है।
वॉरंट, सिक्का पोर्ट्स एंड टर्मिनल्स लि. और जामनगर यूटिलिटीज एंड पावर प्राइवेट लि. को जारी होंगे। वॉरंट इश्यू होने के बाद जियो फाइनेंशियल सर्विसेज में सिक्का पोर्ट्स एंड टर्मिनल्स लि. की हिस्सेदारी 1.08 प्रतिशत से बढ़कर 4.65 प्रतिशत हो जाएगी। वहीं जामनगर यूटिलिटीज एंड पावर प्राइवेट लि. की हिस्सेदारी 2.02 प्रतिशत से बढ़कर 5.52 प्रतिशत हो जाएगी।
Jio Financial Services शेयर 3 महीनों में 23% मजबूत
30 जुलाई को जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का शेयर BSE पर 0.25 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 320.20 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 2 लाख करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। कीमत 6 महीनों में 36 प्रतिशत और 3 महीनों में 23 प्रतिशत बढ़ी है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का उच्च स्तर 363 रुपये है, जो 27 सितंबर 2024 को क्रिएट हुआ। 52 सप्ताह का निचला स्तर 198.60 रुपये 3 मार्च 2025 को देखा गया। ब्रोकरेज देवेन चोकसी ने शेयर के लिए 'होल्ड' रेटिंग के साथ 325 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है।
जून तिमाही में मुनाफा 4 प्रतिशत बढ़ा
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का अप्रैल-जून 2025 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 3.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 324.66 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक साल पहले यह 312.63 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले के मुकाबले 46.58 प्रतिशत बढ़कर 612.46 करोड़ रुपये रहा। जून 2024 तिमाही में यह 417.82 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष 2025 के दौरान जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू बढ़कर 2,042.91 करोड़ रुपये रहा था। एक साल पहले यह 1,853.88 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा भी बढ़कर 1612.59 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो वित्त वर्ष 2024 में 1,604.55 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।