जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के बोर्ड ने अपने प्रस्तावित IPO के ड्राफ्ट को मंजूरी दे दी है। 19 जून को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की ओर से जानकारी दी गई कि इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ तक नए शेयर जारी करने की योजना है। RIL के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि कंपनी शुक्रवार, 19 जून को ही मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा करेगी।
RIL ने इस बारे में एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कंपनी की अहम सब्सिडियरी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आज, यानि 19 जून 2026 को सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI), BSE लिमिटेड और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड के पास जमा किए जाने वाले ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी इसके प्रस्तावित IPO के सिलसिले में दी गई है, जिसमें 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27,00,00,000 तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इनका इश्यू प्राइस SEBI के नियमों के तहत बुक बिल्डिंग प्रोसेस से तय किया जाएगा।
RIL AGM में क्या बोले मुकेश अंबानी
शेयरहोल्डर्स को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा, 'जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने IPO के लिए इसके ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस को मंजूरी दे दी है, और इसे आज ही सेबी के पास जमा किया जाएगा। यह मेरे लिए, पूरे रिलायंस परिवार और उसके लाखों शेयरधारकों के लिए एक गहरा भावनात्मक क्षण है। आकाश, ईशा और अनंत जियो IPO की प्रक्रिया का नेतृत्व कर रहे हैं और भविष्य में वैल्यू क्रिएशन के अवसरों की अगली पीढ़ी का नेतृत्व करेंगे।'
आगे कहा, 'जियो की प्रस्तावित लिस्टिंग दुनिया को दिखाएगी कि भारत वैश्विक स्तर की, वैश्विक क्षमता को टक्कर देने वाली और वैश्विक मूल्य की टेक्नोलॉजी कंपनियां बना सकता है। मैं आपको और सभी संभावित नए निवेशकों को आश्वासन देता हूं कि एक उज्जवल भविष्य Jio का इंतजार कर रहा है।'
Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।