जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर के लिए नोमुरा के बाद एलारा कैपिटल ने भी कवरेज शुरू किया है। रेटिंग 'बाय' दी है और टारगेट प्राइस 1,367 रुपये तय किया है। जियो के शेयर आज, 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट होने वाले हैं। ब्रोकरेज फर्म के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स एक टेलीकॉम ऑपरेटर से बदलकर एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हो रही है। इसके पास अपने कस्टमर बेस और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर से कमाई करने के कई अवसर मौजूद हैं।
एलारा कैपिटल को उम्मीद है कि FY26 से FY29 के बीच जियो प्लेटफॉर्म्स का रेवेन्यू 13 प्रतिशत की कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ेगा। EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) के 16 प्रतिशत CAGR से बढ़ने की उम्मीद है। इसी अवधि में शुद्ध मुनाफे के 23 प्रतिशत CAGR से बढ़ने का अनुमान है।
ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2030 तक जियो प्लेटफॉर्म्स का डिजिटल सेवाओं से रेवेन्यू दोगुना और EBITDA तीन गुना हो जाएगा। वित्त वर्ष 2027 के लिए डिजिटल सेवाओं का योगदान कुल रेवेन्यू में लगभग 12 प्रतिशत और EBITDA में 5 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।
Jio Platforms के ARPU को लेकर क्या अनुमान
जियो प्लेटफॉर्म्स का प्रति यूजर औसत रेवेन्यू (ARPU) वित्त वर्ष 2029 में बढ़कर 257 रुपये हो जाने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2026 में यह 214 रुपये था। ब्रोकरेज के अनुसार, नए ग्राहकों के जुड़ने, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही (अक्टूबर 2026-मार्च 2027) से टैरिफ में 12-15 प्रतिशत की संभावित बढ़ोतरी, 2G से 4G और 5G पर शिफ्ट, प्रीपेड से पोस्टपेड में अपग्रेड, प्रीमियम सर्विसेज पर जोर, डेटा की अधिक खपत और बंडल डिजिटल सर्विसेज से ARPU ग्रोथ को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर बेस
एलारा कैपिटल का अनुमान है कि जियो प्लेटफॉर्म्स का फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर बेस वित्त वर्ष 2029 तक 6.6 करोड़ हो जाएगा। वित्त वर्ष 2026 में यह 2.7 करोड़ था। नए जुड़ने वाले ग्राहकों में से लगभग 80 प्रतिशत हिस्सेदारी एयरफाइबर के ग्राहकों की रहने की उम्मीद है। ब्रोकरेज के मुताबिक, भारत के 5G और अनलाइसेंस्ड बैंड रेडियो (UBR) बेस्ड फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स की हिस्सेदारी 79 प्रतिशत है। ब्रोकरेज का कहना है कि जियो प्लेटफॉर्म्स की अपनी खुद की UBR तकनीक उसे भारत के ऐसे फिक्स्ड ब्रॉडबैंड बाजार में फायदा उठाने की स्थिति में लाती है, जहां अभी भी काफी संभावनाएं बाकी हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।