JSW एनर्जी ने मारुति क्लीन कोल एंड पावर को खरीदने का ऐलान किया है। शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में कंपनी ने कहा कि वह पूरे 100% इक्विटी शेयर खरीदेगी। इसके लिए Kolahai Infotech Private Limited और SFI Parcel Services Private Limited के साथ एक समझौता किया गया है। डील की एंटरप्राइज वैल्यू 1,410 करोड़ रुपये है। ट्रांजेक्शन 31 जुलाई 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।
ट्रांजेक्शन पूरा होने के बाद मारुति क्लीन कोल, JSW Energy के 100 प्रतिशत मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी बन जाएगी। हालांकि इस खरीद पर अभी रेगुलेटर्स से जरूरी मंजूरियां लिया जाना बाकी है। इसके अलावा JSW Energy को CSIDC यानि कि छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम की जमीन के ट्रांसफर के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से मंजूरी चाहिए। साथ ही मौजूदा लेंडर्स से भी मंजूरी की जरूरत है।
मारुति क्लीन कोल छत्तीसगढ़ में 300 MW का थर्मल पावर प्रोजेक्ट चलाती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने कामकाज से 787 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया। यह कंपनी खरीद JSW Energy को अपना दायरा और क्षमता बढ़ाने में मदद करेगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2030 तक 30 GW क्षमता तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
JSW Energy के पास अभी कितनी कैपेसिटी
JSW एनर्जी अभी 5,658 MW की इंस्टॉल्ड थर्मल कैपेसिटी के साथ काम कर रही है। इसके अलावा, इसके सालबोनी थर्मल पावर प्लांट में 3,200 MW की क्षमता का निर्माण चल रहा है। महानदी में ब्राउनफील्ड विस्तार के लिए 1,800 MW की क्षमता पाइपलाइन में है। मारुति क्लीन कोल की खरीद पूरी होने के बाद कंपनी की कुल इंस्टॉल्ड थर्मल कैपेसिटी 5,958 MW और लॉक-इन थर्मल कैपेसिटी 10,958 MW हो जाएगी।
JSW एनर्जी की मौजूदा कुल लॉक-इन जनरेशन कैपेसिटी 32.1 GW है। इसमें थर्मल, हाइड्रो और रिन्यूएबल सेक्टर में 13.9 GW की चालू क्षमता और 13.6 GW की निर्माणाधीन क्षमता है। साथ ही 4.6 GW की क्षमता पाइपलाइन में है। कंपनी के पास 29.6 GWh की लॉक-इन एनर्जी स्टोरेज कैपेसिटी भी है, जिसमें 26.4 GWh के पंप-हाइड्रो स्टोरेज और 3.2 GWh की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम शामिल हैं।
सोमवार, 15 जून को चढ़ सकता है शेयर
इस नए डेवलपमेंट से JSW एनर्जी के शेयर में 15 जून को तेजी देखने को मिल सकती है। शुक्रवार, 12 जून को यह बीएसई पर 559.60 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक महीने में 8 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में कीमत 117 प्रतिशत मजबूत हुई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।