मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज (Motilal Oswal Financial Services) का कहना है कि देश में स्टील की बढ़ती मांग को देखते हुए जेएसडब्ल्यू स्टील (JSW Steel) सही समय पर क्षमता विस्तार कर रही है। मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि देश की दिग्गज स्टील उत्पादक कंपनी जेएसडब्ल्यू स्टील अपनी कैपेक्स योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025 तक भारत में अपनी स्टील उत्पाद क्षमता को 27 मिलियन टन से बढ़ाकर 37 मिलियन टन करने पर काम कर रही है। क्षमता में किया जा रहा ये विस्तार देश में स्टील की बढ़ती मांग को देखते हुए किया जा रहा है।
आगे स्टील की मांग बढ़ने की संभावना
इंफ्रास्ट्रक्चर, हाउसिंग और कंस्ट्रक्शन पर सरकार को फोकस के चलते आगे स्टील की मांग बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा ऑटो और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर से भी स्टील की मजबूत मांग की संभावना है। मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि आगे हमें बढ़ती मांग के साथ ही जेएसडब्ल्यू स्टील की बाजार हिस्सेदारी में भी बढ़त की उम्मीद दिख रही है। इसके अलावा जेएसडब्ल्यू स्टील ऑटो मोबाइल सेक्टर की पसंदीदा स्टील सप्लायर भी है। इसका भी कंपनी को फायदा मिलेगा।
ऑटो कंपनियों की बढ़ती मांग से मिलेगा फायदा
मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि भारत इस समय दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार है। भारत वित्त वर्ष 2028 तक के ग्लोबल ऑटो हब बनने की राह पर है। पूरे ऑटो वैल्यू चेन में मजबूत उपस्थिति के साथ ही JSW Steel ऑटो कंपनियों के पसंदीदा और लीडिंग आपूर्तिकर्ताओं में से एक बन गया है।
इसके अलावा मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि घरेलू मांग में तेजी आएगी और एक्सपोर्ट ड्यूटी हटाए जाने के बाद निर्यात बढ़ेगा, जिससे वॉल्यूम में बढ़त होगी। हाल ही में हुई कीमतों में बढ़ोतरी के साथ ही हमें निकट भविष्य में कंपनी के मार्जिन में सुधार देखने को मिलेगा।
जानिए मोतीलाल ओसवाल का टारगेट
पिछले कुछ महीनों से मेटल शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही थी। लेकिन कोकिंग कोल की कीमतों में कमी, चीन के उत्पादन में गिरावट और बेहतर होते घरेलू आउट लुक के मेटल शेयरों में सुधार देखने को मिल रहा है। अपने इस विश्लेषण के आधार पर मोतीलाल ओसवाल ने जेएसडब्ल्यू स्टील की ‘neutral’रेटिंग बनाए रखते हुए 710 रुपए का टारगेट दिया है।
पिछले 3 साल में दिया 200 फीसदी रिटर्न
इस शेयर की आज की चाल पर नजर डालें तो एनएसई पर ये स्टॉक 3.55 रुपए यानी 0.53 फीसदी की गिरावट के साथ 672.05 रुपए के स्तर पर बंद हुआ है। आज का इस शेयर का दिन का लो 667.70 रुपए का है तो दिन का हाई 682.80 रुपए का है। स्टॉक का 52 वीक हाई 790.00 रुपए का तो 52 वीक लो 520.05 रुपए है। स्टॉक का वॉल्यूम 1,555,671 शेयर और कंपनी का मार्केट कैप 162,449 करोड़ रुपए है। इस साल अब तक इस स्टॉक ने निगेटिव रिटर्न दिया है। लेकिन पिछले 3 साल में इसने 200 फीसदी रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।