KFin Tech का शेयर एक महीने में 35% भागा, ब्रोकरेज ने कहा- अभी और आएगी तेजी

जेफरीज ने कहा कि KFin Tech का घरेलू कारोबार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और मीडियम टर्म में 15-20% रेवेन्यू ग्रोथ देखी गई है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय कारोबार में अवसर अधिक रोमांचक दिखाई देते हैं क्योंकि केफिन टेक को दक्षिण-पूर्व एशियाई अर्थव्यवस्थाओं में कामकाज शुरू करने के लिए लाइसेंस मिल रहे हैं

अपडेटेड Dec 18, 2024 पर 10:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
KFin Technologies Share: केफिन टेक्नोलॉजीज के शेयरों में आज 18 दिसंबर को 7 फीसदी से अधिक की दमदार रैली देखी गई।

KFin Technologies Share: केफिन टेक्नोलॉजीज के शेयरों में आज 18 दिसंबर को 7 फीसदी से अधिक की दमदार रैली देखी गई। इस समय यह स्टॉक 6.51 फीसदी की बढ़त के साथ 1314.40 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 1326.15 रुपये के अपने नए 52-वीक हाई को छू लिया। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों ने करीब 35 फीसदी का शानदार मुनाफा कराया है। वहीं, ब्रोकरेज फर्म भी इस शेयर पर बुलिश नजर आ रहे हैं। आज की तेजी के साथ इसका मार्केट कैप बढ़कर 22633 करोड़ रुपये हो गया है।

जेफरीज को KFin Tech में तेजी की उम्मीद

ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने KFin Tech के शेयरों के लिए 'Buy' रेटिंग दी है और 1530 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है। इसका मतलब है कि मौजूदा प्राइस के हिसाब से कंपनी के शेयरों में आगे 16 फीसदी की और तेजी की संभावना है।


जेफरीज ने कहा कि केफिन टेक का घरेलू कारोबार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और मीडियम टर्म में 15-20% रेवेन्यू ग्रोथ देखी गई है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय कारोबार में अवसर अधिक रोमांचक दिखाई देते हैं क्योंकि केफिन टेक को दक्षिण-पूर्व एशियाई अर्थव्यवस्थाओं में कामकाज शुरू करने के लिए लाइसेंस मिल रहे हैं।

18 दिसंबर को KFin Technologies ने कहा कि वह BlackRock के 'Aladdin' प्रावाइडर नेटवर्क में शामिल हो गई है, जो एसेट मैनेजरों के लिए उसके सॉल्यूशन को अधिक मानकीकृत और एफिशिएंट बनाता है। ब्लैकरॉक ने कहा कि इससे आम क्लाइंट एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से सहजता से जुड़ सकते हैं और गलतियों के जोखिम को कम कर सकते हैं। कंपनी ने 17-18 दिसंबर को दुबई और अबू धाबी में एनालिस्ट/इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स की बैठकों की भी मेजबानी की, जिसमें ADIA के साथ एक बैठक भी शामिल थी।

KFin Tech का बिजनेस

घरेलू स्तर पर, केफिन टेक ने भारत के वेल्थ मैनेजमेंट बिजनेस में काफी विस्तार किया है, क्योंकि कई एसेट और इनवेस्टमेंट मैनेजर्स ने अपने स्वयं के फंड बनाने के लिए ब्रांच खोली हैं। कंपनी ने हाल ही में बजाज हाउसिंग फाइनेंस और हुंडई मोटर इंडिया सहित प्रमुख आईपीओ को मैनेज है, और सितंबर तिमाही तक एनएसई 500 कंपनियों के बीच अपनी बाजार हिस्सेदारी को 48.2% तक बढ़ा दिया है।

ग्लोबल लेवल पर भी KFin का कहना है कि इसमें उन देशों में विस्तार की 'मजबूत संभावना' है, जहां कंपनी पहले से मौजूद है, यानी मलेशिया, फिलीपींस, हांगकांग, सिंगापुर और थाईलैंड। KFin ने कहा कि इसका फोकस उन ऑफर पर रहा है, जो इंटरनेशनल क्लाइंट्स के लिए ट्रांसफर एजेंसी बिजनेस के साथ-साथ फंड अकाउंटिंग सर्विसेज को जोड़ती हैं। सितंबर तिमाही में, KFin Tech के इंटरनेशनल बिजनेस में सालाना आधार पर 44% की वृद्धि हुई, और कंपनी ने कहा कि उसे मजबूत मांग और बढ़ते क्लाइंट बेस की उम्मीद है।

KFin Tech को थाईलैंड में पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी स्थापित करने के लिए RBI से सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल गई है, जिसे वह एक प्रमुख बाजार के रूप में देखता है, जहां एसेट मैनेजमेंट बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है। थाईलैंड का AUM भारत के AUM का पांचवां हिस्सा है।

सितंबर तिमाही में KFin Tech के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 25 फीसदी की वृद्धि देखी गई, जिसमें 358 कॉर्पोरेट क्लाइंट जुड़े। सितंबर तिमाही तक KFin Tech का AUM 1.3 लाख करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि सितंबर तिमाही तक यह GIFT सिटी में सबसे बड़ी फंड एडमिनिस्ट्रेटर है।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।