ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (एएमसी) के शेयरों को कवर करना शुरू किया है। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयर पर उसने 'बाय' रेटिंग यानी खरीदने की सलाह दी है। कोटक को एएमसी कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन आगे अच्छा रहने की उम्मीद है।
कंपनी ने जुलाई में पेश किया था आईपीओ
कोटक ने एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयर के लिए 600 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। SBI Funds Management का शेयर 30 सितंबर को 12 बजे 0.17 फीसदी गिरकर 516.90 रुपये पर चल रहा था। इस कंपनी का आईपीओ इस साल जुलाई में आया था। कंपनी ने प्रति शेयर 574 रुपये के प्राइस पर इनवेस्टर्स को शेयर इश्यू किए थे। कंपनी के शेयर 6.85 फीसदी प्रीमियम के साथ एनएसई पर 613 रुपये पर लिस्ट हुए थे। लेकिन, उसके बाद से शेयर में कमजोरी दिखी है।
एएमसी के प्रदर्शन का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा
कोटक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि एएमसी के परफॉर्मेंस का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा है। उसे अपने स्ट्रॉन्ग ब्रांड का भी फायदा मिलेगा। हालांकि, छोटी एएमसी बड़ी एएमसी को अच्छी टक्कर दे रही हैं। इसका असर बीते कुछ समय में उनके प्रदर्शन पर नजर आया है। डिस्ट्रिब्यूटर्स का फोकस ज्यादा कमीशन वाले प्रोडक्ट्स पर बढ़ रहा है। यह एएमसी के लिए रिस्क है।
SIP से बढ़ता निवेश एएमसी के लिए पॉजिटिव
मीडियम टर्म में एएमसी के लिए रेगुलेटरी इनवायरमेंट फेवरेबल बने रहने की उम्मीद है। उधर, SIP के जरिए इनवेस्टर्स निवेश करने में लगातार दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इससे एएमसी की ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा। कोटक का कहना है कि इसके बावजूद एसेट मैनेजमेंट कंपनियों को अल्टरनेटिव और ऑफशोर ऑफरिंग्स में इनवेस्ट करने की जरूरत है। उन पर टैलेंट को अपने साथ बनाए रखने का भी दबाव बढ़ रहा है।
शेयर में तेजी के लिए बाजार में रिकवरी जरूरी
एसेट मैनेजमेंट सेक्टर की कंपनियों की वैल्यूएशंस में कमी आई है। इसके बावजूद बाजार के मुकाबले इन शेयरों की वैल्यूएशंस हाई लेवल पर हैं। ऐसे में एएमसी शेयरों में तेजी के लिए बाजार में अच्छी रिकवरी जरूरी है। शेयर बाजारों पर लगातार दबाव देखने को मिला है। हालांकि, 30 सितंबर को सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में नजर आए। 12:30 बजे निफ्टी 43 अंक चढ़कर 22,760 पर चल रहा था। सेंसेक्स 360 अंक के उछाल के साथ 72,887 पर था।