क्विक फोरेंसिक सॉल्यूशंस के IPO में पैसा लगाने वालों की चांदी हो गई है। 3 सितंबर को कंपनी के शेयर BSE SME पर 66.66 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़त के साथ 150 रुपये पर लिस्ट हुए। तुरंत ही शेयर ने 5 प्रतिशत का उछाल देखा और 157.50 रुपये पर अपर सर्किट लग गया। IPO के लिए फाइनल इश्यू प्राइस 90 रुपये प्रति शेयर था। कंपनी का 50.77 करोड़ का पब्लिक इश्यू 289 गुना भरा था।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 224.32 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 318.53 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 313.18 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी ने IPO से पहले एंकर इनवेस्टर्स से 14.43 करोड़ रुपये जुटाए थे।
क्विक फोरेंसिक सॉल्यूशंस पूरे भारत में फोरेंसिक साइंस, सबूतों के मैनेजमेंट, साइबर और डिजिटल फोरेंसिक्स, DNA फोरेंसिक्स और लॉ इनफोर्समेंट सॉल्यूशंस मुहैया कराने का काम करती है। कंपनी फोरेंसिक प्रोडक्ट्स और सर्विसेज के एक डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो की पेशकश करती है। इनमें फिंगरप्रिंट और फिजिकल एविडेंस किट, एविडेंस कलेक्शन किट्स, मोबाइल क्राइम सीन इनवेस्टिगेशन व्हीकल्स, डिजिटल फोरेंसिक टूलस, DNA फोरेंसिक सॉल्यूशंस, हैंडहेल्ड फोरेंसिक डिवाइसेज और फोरेंसिक उपकरणों को किराए पर देने जैसी सर्विसेज शामिल हैं। यह प्रोडक्ट का डेमो, ऑपरेटिंग ट्रेनिंग, इंस्टॉलेशन और डिलीवरी के बाद टेक्निकल सपोर्ट भी देती है।
Kwick Forensic Solutions की वित्तीय सेहत
कंपनी का वित्त वर्ष 2026 में रेवेन्यू 63 प्रतिशत बढ़कर 105.80 करोड़ रुपये हो गया। शुद्ध मुनाफा 58 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 13.51 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले रेवेन्यू 65 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 8.56 करोड़ रुपये था। क्विक फोरेंसिक सॉल्यूशंस अपने पब्लिक इश्यू से हुई कमाई का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए, आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए और इश्यू पर हुए खर्च की भरपाई के लिए करेगी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।