Latent View Analytics के शेयर लिस्टिंग के दिन 148% चढ़े, 2017 के बाद सबसे ज्यादा लिस्टिंग गेन हासिल करने वाली तीसरी कंपनी बनी

अगर Latent View Analytics की लिस्टिंग की बात करें तो इस साल पारस डिफेंस, सिगाची इंडस्ट्रीज के बात यह सबसे ज्यादा लिस्टिंग गेन हासिल करने वाली तीसरी कंपनी है

अपडेटेड Nov 24, 2021 पर 12:10 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Latent View Analytics 2017 के बाद तीसरी ऐसी कंपनी बन गई है जिसने लिस्टिंग के दिन इतनी बड़ी तेजी देखी।

डाटा एनालिटिक्स सर्विस प्रोवाइडर कंपनी Latent View Analytics के शेयरों में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 22 नवंबर को हुई थी। इसी के साथ Latent View Analytics 2017 के बाद तीसरी ऐसी कंपनी बन गई है जिसने लिस्टिंग के दिन इतनी बड़ी तेजी देखी।

BSE पर Latent View Analytics के शेयर 148.02% बढ़कर 488.60 रुपए पर बंद हुए। जबकि NSE पर यह 148.10% की तेजी के साथ 488.75 रुपए पर बंद हुए। इंट्राडे के दौरान Latent View Analytics के शेयर 178% ऊपर 548.75 रुपए तक गए थे। BSE पर Latent View Analytics के 30.73 लाख इक्विटी शेयरों में ट्रेड हुआ जबकि NSE पर यह आंकड़ा 2.88 करोड़ रहा।

Latent View Analytics के शेयर 10 नवंबर को खुले और 12 नवंबर को बंद हुए थे। कंपनी ने 600 करोड़ रुपए का IPO जारी किया था।


IPO के जरिए फंड जुटाने के हिसाब से देखें तो 2021 में कई नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। सबसे ज्यादा IPO लॉन्च करने की बात हो या सबसे बड़े IPO की, इस साल कई नए रिकॉर्ड बने हैं। अगर Latent View Analytics की लिस्टिंग की बात करें तो इस साल पारस डिफेंस, सिगाची इंडस्ट्रीज के बात यह सबसे ज्यादा लिस्टिंग गेन हासिल करने वाली तीसरी कंपनी है।

माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज बनाने वाली सिगाची इंडस्ट्रीज की लिस्टिंग 15 नवंबर को हुई थी और इसके शेयर लिस्टिंग के दिन 270.40% चढ़े थे। वहीं पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजी की लिस्टिंग 1 अक्टूबर को हुई थी और इसके शेयरों का लिस्टिंग गेन 185% था।

2021 की शुरुआत में सालासर टेक्नो इंजीनियरिंग लिस्टिंग गेन में सबसे ऊपर थी। जुलाई 2017 में इसके शेयरों की लिस्टिंग 139.95% तेजी के साथ हुई थी। वहीं दिसंबर 2017 में एस्ट्रॉन पेपर एंड बोर्ड के शेयरों की लिस्टिंग 139.40% तेजी के साथ हुई थी। दिसंबर 2020 में बर्गर किंग की लिस्टिंग 130.67% तेजी के साथ हुई थी।

अगर हम टॉप 10 लिस्टिंग गेन वाले शेयरों की बात करें तो उसमें IRCTC के शेयर भी शामिल हैं। कंपनी के शेयर अक्टूबर 2019 में लिस्टिंग के दिन 127.69% बढ़े थे। इसके बाद हैपिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजी है जिसके शेयरों की लिस्टिंग सितंबर 2020 में हुई थी। लिस्टिंग के दिन इसके शेयरों में 123.49% की तेजी आई थी। वहीं राधाकिशन दमानी की कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयरों की लिस्टिंग मार्च 2017 में हुई थीष लिस्टिंग के दिन इसके शेयरों में 114.30% की तेजी आई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।