Lemon Tree Hotels Share Price: होटल चेन चलाने वाली लेमन ट्री होटल्स के शेयरों में आज ढहते मार्केट में खरीदारी का शानदार रुझान दिखा। यह त्रिपुरा में एक होटल चलाएगी और इसके लिए लाइसेंस एग्रीमेंट पर साइन हो चुके हैं। इसके चलते लेमन ट्री के शेयरों इंट्रा-डे में 2 फीसदी उछल गए। हालांकि मार्केट में बिकवाली के दबाव में यह भी आ गया और मुनाफावसूली के चलते फिसलकर रेड जोन में आ गया। दिन के आखिरी में BSE पर यह 0.50 फीसदी की गिरावट के साथ 129.20 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 2 फीसदी से अधिक उछलकर 132.50 रुपये के भाव तक पहुंचा था। पिछले साल 27 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 72.85 रुपये और पिछले महीने 23 फरवरी 2024 को यह 147.20 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर था।
Lemon Tree Hotels का त्रिपुरा में पहला होटल
लेमन ट्री होटल्स ने त्रिपुरा में होटल के लिए लाइसेंस एग्रीमेंट किया है। कंपनी के लिए यह त्रिपुरा में पहली प्रॉपर्टी होगी। लेमन ट्री होटल्स अगरतला (Lemon Tree Hotels Agartala) वित्त वर्ष 2027 तक खुल सकता है। इस प्रॉपर्टी का काम-धाम कार्नेशन होटल्स प्राइवेट लिमिटेड संभालेगी जो लेमनट्री होटल्स की सब्सिडियरी और मैनेजमेंट इकाई है। इसमें 80 कमरे, दो रेस्टोरेंट, एक बार, बंकेट फैसिलिटीज, मीटिंग रूम, एक स्विमिंग पूल, एक फिटनेस सेंटर और बाकी पब्लिक एरियाज होंगे।
लगातार विस्तार कर रही लेमन ट्री होटल्स
लेमन ट्री होटल्स अब त्रिपुरा में पैर जमाने की कोशिश में है। यह लगातार अपना विस्तार कर रही है। पिछले महीने फरवरी में कंपनी ने राजस्थान के कुंभलगढ़ में अपना सातवां लेमन ट्री रिजॉर्ट खोला था। इसके अलावा कंपनी ने राजस्थान के शंखवास गढ़ में लेमन ट्री रिजॉर्ट और विजयवाड़ा में लेमन ट्री होटल्स के कीज लाइट लाइसेंस एग्रीमेंट किए। इसके अलावा कंपनी ने लेमन ट्री होटल ब्रांड के तहत नोएडा में एक होटल और तेलंगाना के मरपल्ले में एक प्रॉपर्टी के लिए लाइसेंस एग्रीमेंट कर लिए हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।