Lenskart Q1 Results: आईवियर कंपनी का मुनाफा 270% बढ़ा, रेवेन्यू ₹2714 करोड़ पहुंचा

Lenskart Q1 Results: Lenskart ने जून तिमाही में जोरदार प्रदर्शन किया। मुनाफा 270% बढ़कर ₹222 करोड़ हो गया। रेवेन्यू भी 43.3% उछला। EBITDA और मार्जिन में भी बड़ा सुधार हुआ। कंपनी ने नए स्टोर खोले और अंतरराष्ट्रीय कारोबार में भी मजबूत ग्रोथ दर्ज की। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Aug 12, 2026 पर 5:10 PM
12 अगस्त को Lenskart का शेयर 0.71% गिरकर ₹585 पर बंद हुआ।

Lenskart Q1 Results: आईवियर कंपनी Lenskart Solutions ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 270% बढ़कर ₹222 करोड़ हो गया। पिछले साल की इसी तिमाही में मुनाफा ₹60 करोड़ था।

कंपनी का रेवेन्यू भी 43.3% बढ़कर ₹2,714.2 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल यह ₹1,894.5 करोड़ था। EBITDA 75.1% बढ़कर ₹588.5 करोड़ रहा। EBITDA मार्जिन भी 17.7% से बढ़कर 21.7% हो गया।

मार्जिन में भी बड़ा सुधार


Lenskart का PAT मार्जिन 4% से बढ़कर 8.4% हो गया। वहीं, कंसोलिडेटेड प्रोडक्ट मार्जिन पहली बार 70% के पार पहुंचा। यह 70.3% रहा, जो पिछले साल 68.7% था।

भारत में प्रोडक्ट मार्जिन 63.4% से बढ़कर 64.2% हुआ। कंपनी ने बताया कि इन-हाउस मैन्युफैक्चरिंग और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती बिक्री से इसे मदद मिली।

भारत में स्टोर और बिक्री दोनों बढ़े

भारत में समान स्टोर बिक्री यानी SSSG 18.3% रही। वहीं, प्रति स्टोर बिक्री 24.3% बढ़ी। कंपनी ने पहली तिमाही में 132 नए स्टोर जोड़े। इनमें 116 स्टोर भारत में खुले।

इसके साथ कंपनी के कुल एक्टिव स्टोर की संख्या 3,459 हो गई। भारत में कंपनी ने 50 नए शहरों में भी एंट्री की। खास बात यह है कि 83 नए स्टोर Tier-2 और उससे आगे के शहरों में खोले गए। Lenskart Gold के एक्टिव मेंबर्स की संख्या 93.5 लाख पहुंच गई। Gold सब्सक्रिप्शन फीस से रेवेन्यू 57.4% बढ़कर ₹66 करोड़ हो गया।

आंखों की जांच भी बढ़ी

तिमाही में लेंसकार्ट ने करीब 70 लाख आई टेस्ट किए। इसमें सालाना आधार पर 39.8% की बढ़ोतरी हुई। भारत में आई टेस्ट 42.7% बढ़कर करीब 60 लाख रहे। इनमें लगभग आधे लोगों की पहली बार आंखों की जांच हुई।

कंपनी की कुल आईवियर बिक्री की मात्रा 25.7% बढ़ी। भारत में औसत बिक्री कीमत 6.4% बढ़कर ₹1,856 हो गई।

इंटरनेशनल कारोबार में 38% ग्रोथ

अंतरराष्ट्रीय कारोबार का रेवेन्यू 38% बढ़कर ₹1,203 करोड़ रहा। जापान, दक्षिण-पूर्व एशिया और मिडिल ईस्ट जैसे बाजारों से कंपनी को अच्छी ग्रोथ मिली।

अंतरराष्ट्रीय कारोबार में आईवियर वॉल्यूम 37.6% बढ़ा। ट्रांजैक्टिंग कस्टमर अकाउंट 27.8% बढ़े। वहीं, आई टेस्ट 20.5% बढ़े।

चीन की कंपनी में हिस्सेदारी बढ़ाएगी

Lenskart ने चीन की ज्वाइंट वेंचर कंपनी Framekart में अपनी हिस्सेदारी 51% से बढ़ाकर 70% करने को मंजूरी दी है। इस सौदे पर करीब ₹10.6 करोड़ खर्च होंगे।

Framekart Lenskart ग्रुप की आईवियर जरूरतों का 30% से ज्यादा उत्पादन करती है। हिस्सेदारी बढ़ने से Lenskart को मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन पर ज्यादा नियंत्रण मिलेगा। कंपनी ने दक्षिण कोरिया में OWNDAYS Korea शुरू करने और चीन में एक नई सब्सिडियरी बनाने को भी मंजूरी दी है।

Lenskart के शेयरों का हाल

12 अगस्त को Lenskart का शेयर 0.71% गिरकर ₹585 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 14.04% बढ़ा है। एक साल में इसने 45.13% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 1.02 लाख करोड़ रुपये है।

Tata Motors CV Q1 Results: टाटा की कंपनी को ₹2560 करोड़ मुनाफा, रेवेन्यू भी 20% उछला

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।