कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरण बनाने वाली एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड के शेयरों में 22 मई को दिन में 4.4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। BSE पर शेयर 1462.65 रुपये के लो तक गया। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का मुनाफा गिरने के बाद शेयर में बिकवाली का दबाव है। तिमाही के दौरान शुद्ध मुनाफा 8.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 692.7 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले मुनाफा 754.54 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 8.12 प्रतिशत बढ़कर 8,053.55 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 7,448.42 करोड़ रुपये था।
मार्च 2026 तिमाही में कंपनी के कुल खर्च सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 7,223.6 करोड़ रुपये के रहे। मार्जिन पर दबाव रहा। इनपुट लागत में बढ़ोतरी और करेंसी में कमजोरी की वजह से यह 230 बेसिस पॉइंट गिरकर 11.7 प्रतिशत पर आ गया। मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का रेवेन्यू सभी सेगमेंट में मांग में सुधार की वजह से बढ़ा। कंपनी के होम अप्लायंस बिजनेस में पिछले साल के मुकाबले 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, वहीं होम एंटरटेनमेंट बिजनेस में बड़े साइज के टीवी की बढ़ती मांग की वजह से साल-दर-साल आधार पर 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया का शुद्ध मुनाफा 23.52 प्रतिशत घटकर 1,685.09 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू में 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही। EBITDA मार्जिन पिछले साल के 12.8 प्रतिशत से घटकर 9.8% रह गया।
बाय, सेल या होल्ड: अब क्या करें LG Electronics India के निवेशक
LG Electronics India के शेयर को 30 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। इनमें से 29 ने शेयर पर 'बाय' रेटिंग दी है। एक ने 'सेल' की सलाह दी है। HDFC Securities ने शेयर के लिए सबसे कम टारगेट प्राइस 1,485 रुपये प्रति शेयर तय किया है। Way2Wealth Brokers नाम की ब्रोकरेज फर्म ने शेयर के लिए सबसे ज्यादा टारगेट प्राइस 1,950 रुपये तय किया है।
LG Electronics India भारत का अब तक का सबसे ज्यादा बोली पाने वाला IPO था। इसे 4.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बोलियां मिली थीं। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया, साउथ कोरिया की कंपनी एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स की इंडिया यूनिट है। यह 14 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। कंपनी का 11607 करोड़ रुपये का IPO धमाकेदार साबित हुआ था। इसे निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था और यह 54.02 गुना भरकर बंद हुआ। IPO प्राइस 1140 रुपये प्रति शेयर था। शेयर पिछले एक महीने में 8 प्रतिशत गिरा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक 85 प्रतिशत हिस्सेदारी प्रमोटर्स के पास थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।