पेटीएम (Paytm) की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस के शेयरों में 22 मई को दिन में लगभग 4 प्रतिशत तक की गिरावट आई। BSE पर शेयर 1110.10 रुपये के लो तक गया। खबर है कि ब्लॉक डील में कंपनी की 1.3 प्रतिशत हिस्सेदारी या 86 लाख शेयरों की खरीद-बिक्री हुई है। एक दिन पहले CNBC-TV18 ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि SAIF Partners, वन97 कम्युनिकेशंस में यह बिक्री कर सकती है। इसके लिए फ्लोर प्राइस 1,120.65 प्रति शेयर बताया गया था।
एक्सचेंज डेटा के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक SAIF Partners India IV Limited की पेटीएम में 4 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर में आई गिरावट से कंपनी का मार्केट कैप घटकर 71400 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है।
Paytm का शेयर 2 साल में 200 प्रतिशत मजबूत
पेटीएम का शेयर 2 साल में 200 प्रतिशत चढ़ा है। एक साल में यह 34 प्रतिशत की बढ़त देख चुका है। अप्रैल महीने के आखिर में गोल्डमैन सैक्स ने Paytm के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग दोहराई और टारगेट प्राइस 1470 रुपये से घटाकर 1,400 रुपये प्रति शेयर कर दिया। बर्नस्टीन ने 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 1500 रुपये प्रति शेयर दिया। जेफरीज ने पेटीएम के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखते हुए 1,350 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है।
मार्च तिमाही में आई मुनाफे में
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान वन97 कम्युनिकेशंस को 183 करोड़ रुपये का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा हुआ। एक साल पहले कंपनी 545 करोड़ रुपये के घाटे में थी। तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले से 18.4 प्रतिशत बढ़कर 2,264 करोड़ रुपये हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 1,912 करोड़ रुपये था। खर्च 2,269 करोड़ रुपये के रहे, जो मार्च 2025 तिमाही में 2,155 करोड़ रुपये के थे। मार्च 2026 तिमाही में EBITDA प्रॉफिट 132 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसने 88 करोड़ रुपये का EBITDA लॉस देखा था। EBITDA मार्जिन 5 प्रतिशत रहा।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पेटीएम का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 552 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले कंपनी 663 करोड़ रुपये के घाटे में थी। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 22.2 प्रतिशत बढ़कर 8,437 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2025 में 6,900 करोड़ रुपये था। कंपनी ने पहली बार किसी पूरे साल के दौरान मुनाफा दर्ज किया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।