Share Market Rise: शानदार शुक्रवार, सेंसेक्स 232 अंकों की बढ़त में बंद; इन 4 कारणों से लौटी तेजी

Share Market Rise: भारत के अलावा अन्य एशियाई बाजार भी हरे निशान में हैं। शुक्रवार को रुपया 63 पैसे चढ़कर 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। गुरुवार को 50 पैसे की बढ़त के साथ बंद हुआ था। बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीद रही

अपडेटेड May 22, 2026 पर 4:35 PM
निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.4 प्रतिशत बढ़त में ट्रेड कर रहा है।

शेयर बाजार में शुक्रवार, 22 मई को अच्छी तेजी लौटी। सेंसेक्स दिन में पिछली क्लोजिंग से 627.61 अंक तक उछलकर 75,810.97 के हाई तक गया। इसी तरह निफ्टी 181 अंक उछलकर 23,835.65 के हाई तक गया। बाजार को भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी के संकेत, वैश्विक बाजारों की तेजी, रुपये की मजबूती जैसे फैक्टर्स से सहारा मिला।

बाद में सेंसेक्स 231.99 अंकों की बढ़त के साथ 75,415.35 पर और निफ्टी 64.60 अंकों की बढ़त के साथ 23,719.30 पर बंद हुआ। एक दिन पहले यानि कि गुरुवार को सेंसेक्स 135.03 अंक या 0.18 प्रतिशत टूटकर 75,183.36 पर बंद हुआ था। निफ्टी 4.30 अंक या 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 23,654.70 पर बंद हुआ था। शुक्रवार को आई तेजी के पीछे मुख्य कारण क्या हैं, आइए जानते हैं...

भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी की उम्मीद


अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने संकेत दिया है कि ईरान की स्थिति से जुड़ी कूटनीतिक बातचीत एक रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि यह भी कहा है कि वह अत्यधिक आशावादी नहीं होना चाहते। लेकिन उनकी टिप्पणियों से बाजारों को अस्थायी तौर पर शांत होने में मदद मिली।

वैश्विक बाजारों की तेजी

भारत के अलावा अन्य एशियाई बाजार भी हरे निशान में हैं। निक्केई 225 और ताइवान वेटेड 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़े हैं। जकार्ता कंपोजिट में 1 प्रतिशत की तेजी है। हेंग सेंग और शंघाई कंपोजिट लगभग 1 प्रतिशत की बढ़त में हैं। KOSPI भी चढ़ा है। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त में बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी तेजी है।

रुपये में मजबूती

भारतीय करेंसी रुपये की बात करें तो यह 63 पैसे चढ़कर 95.73 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ है। भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने की उम्मीद और रुपये को संभालने के लिए RBI की ओर से कदम उठाए जा सकने की खबर से घरेलू मुद्रा को थोड़ा सपोर्ट मिला है। रुपया गुरुवार को 50 पैसे की बढ़त के साथ 96.36 पर बंद हुआ था।

Central Bank of India Share Price: सरकारी हिस्सेदारी की बिक्री के लिए OFS खुला, शेयर 6% तक लुढ़का

बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीद

पिछले सत्र में गिरावट के बाद, बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीद रही। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.5 प्रतिशत बढ़त में है। वहीं PSU बैंक इंडेक्स में 0.22 प्रतिशत की तेजी है। CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि RBI अभी करेंसी को बचाने के लिए ब्याज दरों को एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने के मूड में नहीं दिख रहा है। RBI ब्याज दरों में 'ऑफ-साइकिल' (तय समय से अलग हटकर) बढ़ोतरी पर विचार नहीं कर रहा है। वह अपने फ्लेक्सिबल इन्फ्लेशन-टारगेटिंग फ्रेमवर्क के तहत महंगाई और ग्रोथ के बीच संतुलन बनाने पर ही फोकस कर रहा है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।