LIC Q4 Results: सरकारी बीमा कंपनी को ₹23467 करोड़ का मुनाफा, हर शेयर पर देगी ₹10 का डिविडेंड

LIC Q4 Results: सरकारी बीमा कंपनी LIC ने मार्च तिमाही में 23,467 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है, जो सालाना आधार पर 23% ज्यादा है। नए कारोबार से कमाई में तेज उछाल, मजबूत वित्तीय स्थिति और ₹10 प्रति शेयर डिविडेंड के ऐलान ने निवेशकों का ध्यान खींचा है।

अपडेटेड May 21, 2026 पर 7:56 PM
Story continues below Advertisement
LIC ने अपने शेयरधारकों के लिए 10 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने की भी घोषणा की है।

LIC Q4 Results: सरकारी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) ने मार्च तिमाही (Q4 FY26) में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। बेहतर ऑपरेशनल प्रदर्शन और कारोबार में बढ़ोतरी की बदौलत कंपनी का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 23% बढ़कर 23,467 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 19,039 करोड़ रुपये था।

LIC ने अपने शेयरधारकों के लिए 10 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने की भी घोषणा की है। कंपनी का शेयर गुरुवार को 0.43% की बढ़त के साथ 804 रुपये पर बंद हुआ।

सॉल्वेंसी रेशियो में इजाफा


बीमा कंपनियों की वित्तीय स्थिति मापने वाला सॉल्वेंसी रेशियो मार्च तिमाही में बढ़कर 2.35 हो गया। एक साल पहले यह 2.11 था, जबकि दिसंबर तिमाही में 2.19 रहा था। सॉल्वेंसी रेशियो में सुधार यह दिखाता है कि कंपनी भविष्य की देनदारियों को पूरा करने की बेहतर स्थिति में है।

हालांकि, 13वें महीने का परसिस्टेंसी रेशियो कुछ कमजोर रहा। यह मार्च तिमाही में 67.77% दर्ज किया गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 68.62% और दिसंबर तिमाही में 69.36% था। यह आंकड़ा बताता है कि पहले साल के बाद कितने ग्राहक अपनी पॉलिसी जारी रखते हैं।

नए कारोबार से कमाई बढ़ी

मार्च तिमाही के दौरान LIC का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 5.1% बढ़कर 57.3 लाख करोड़ रुपये हो गया।

वहीं वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस (VNB) में शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली। यह सालाना आधार पर 41.63% बढ़कर 14,179 करोड़ रुपये पहुंच गया। VNB यह बताता है कि कंपनी नए बीमा कारोबार से भविष्य में कितना मूल्य और मुनाफा पैदा कर सकती है।

मुनाफे की क्वालिटी सुधारने पर जोर

हाल के वर्षों में निवेशकों की नजर LIC के मुनाफे, उत्पाद पोर्टफोलियो और एसेट क्वालिटी पर बनी हुई है। कंपनी लगातार अपने मार्जिन बेहतर करने और नॉन-पार्टिसिपेटिंग (Non-Par) प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी बढ़ाने पर काम कर रही है, जिससे कमाई की गुणवत्ता मजबूत हो सके।

मार्च तिमाही के नतीजे भी इसी दिशा में प्रगति का संकेत देते हैं। नए कारोबार से बेहतर कमाई और VNB में मजबूत उछाल इसका उदाहरण है।

सीईओ ने क्या कहा?

LIC के सीईओ और एमडी आर. दोराईस्वामी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 कंपनी के लिए संतोषजनक रहा। सभी कारोबारी क्षेत्रों में मजबूत वृद्धि देखने को मिली, जिसके चलते कई प्रदर्शन संकेतकों ने रिकॉर्ड स्तर हासिल किए।

उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत बीमा कारोबार में APE आधार पर Non-Par उत्पादों की हिस्सेदारी 35% से अधिक रही। वहीं पूरे वित्त वर्ष के लिए VNB मार्जिन 21% से ज्यादा रहा, जो कंपनी की लाभप्रदता में सुधार को दर्शाता है।

 

 

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।