भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को बिहार के GST प्राधिकरण से 290.50 करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस मिला है। यह नोटिस बिहार के अतिरिक्त राज्य कर आयुक्त (अपील), सेंट्रल डिवीजन, पटना ने जारी किया है और ब्याज एवं जुर्माने के साथ GST का भुगतान करने की मांग की है। LIC (Life Insurance Corporation of India) ने इस टैक्स नोटिस के खिलाफ अपील करने का फैसला किया है। LIC ने 22 सितंबर 2023 को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा है वह इस नोटिस के खिलाफ GST अपीलीय न्यायाधिकरण के समक्ष तय समय के अंदर अपील दायर करेगी।
GST अधिकारियों ने LIC पर बीमाधारकों से प्रीमियम अदायगी पर लिए गए इनपुट टैक्स क्रेडिट को नहीं लौटाने समेत कुछ अन्य उल्लंघनों के आरोप लगाए हैं। LIC, भारत की सबसे बड़ी बीमा कंपनी है। टैक्स नोटिस, बिहार गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (BGST) और सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (CGST) एक्ट 2017 दोनों के सेक्शन 73(9) के तहत जारी हुआ है और ब्याज एवं जुर्माने के साथ GST का भुगतान करने की मांग की गई है। शुक्रवार को LIC का शेयर BSE पर मामूली गिरावट के साथ 651.20 रुपये और NSE पर 652.50 रुपये पर बंद हुआ।
हाल ही में सनफार्मा में घटाई है हिस्सेदारी
हाल ही में LIC ने सन फार्मा में अपनी 2 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची है। यह बिक्री खुले बाजार में 4,699 करोड़ रुपये में की गई। अब सन फार्मा में LIC की हिस्सेदारी 12,05,24,944 से घटकर 7,22,68,890 इक्विटी रह गई है। पहले फार्मा कंपनी में LIC की हिस्सेदारी पेड अप कैपिटल का 5.023 प्रतिशत थी, जो अब 3.012 प्रतिशत रह गई है। सामान्य लेनदेन के तहत खुले बाजार में बिक्री के माध्यम से शेयर, 973.80 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर बेचे गए। LIC साल 2022 में अपना IPO लेकर आई थी। इस पब्लिक इश्यू का साइज 21000 करोड़ रुपये था। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO है।