LIC share price: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने 5 लाख करोड़ रुपये की मार्केट वैल्यू को दोबारा हासिल कर लिया है। LIC ने जून 2022 के बाद वापस इस आंकड़े को हासिल किया है। देश की इस सबसे बड़ी बीमा कंपनी के शेयर पिछले साल मई 2022 में सूचीबद्ध हुए थे। हालांकि लिस्टिंग के बाद आई तेज गिरावट के चलते इसकी मार्केट वैल्यू 3 हफ्ते के अंदर ही गिरकर 5 लाख करोड़ के नीचे चली गई थी। LIC अब मार्केट वैल्यू के हिसाब से देश की सबसे बड़ी पब्लिक सेक्टर कंपनी (PSU) हैं। गुरुवार 7 दिसंबर को इसके शेयर 7% बढ़कर ₹800 के 52-वीक हाई पर पहुंच गए। इससे पहले बुधवार को इसमें 5% और सोमवार को भी 7.2% की बढ़ोतरी हुई थी।
