LIC Shares Price : 27 मई को भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयर 3% नीचे ट्रेड कर रहे है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक सरकार जून के आखिर या जुलाई की शुरुआत में इस सरकारी बीमा कंपनी में अपनी लगभग 2% हिस्सेदारी संस्थागत निवेशकों को बेचने की योजना पर काम कर रही है। ब्लूमबर्ग को सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (Department of Investment and Public Asset Management) इस सौदे को मैनेज करने के लिए गोल्डमैन सैक्स ग्रुप इंक, मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड,BNP पारिबा SA और IIFL कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड के साथ मिलकर काम कर रहा है।
इस खबर के चलते 27 मई को दोपहर 12.30 बजे के आसपास LIC के शेयर 2.8% की गिरावट के साथ 830 रुपये प्रति शेयर के आसपास ट्रेड कर रहे थे। आज का इसका दिन का लो 818.85 रुपए और दिन का हाई 855 रुपए है। एनएसई पर स्टॉक का ट्रेडिंग वॉल्यूम 36,31,938.00 शेयर और मार्केट कैप 522,982 करोड़ रुपए पर दिख रहा है।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले पर अभी बातचीत चल रही है और डील से जुड़ी जानकारियां(जिसमें इसका समय और साइज भी शामिल है) अभी भी बदल सकती हैं।
बता दें कि मई 2022 में सरकार ने IPO के जरिए LIC में अपनी 3.5% हिस्सेदारी बेच दी थी। उस समय यह देश का सबसे बड़ा 'इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग'(IPO) था जिससे सरकार को लगभग 21,000 करोड़ रुपये मिले थे। आईपीओ में इन शेयरों की कीमत 949 रुपये प्रति शेयर तय की गई थी।
स्टॉक एक्सचेंज के डेटा के मुताबिक 31 मार्च तक LIC में सरकार की हिस्सेदारी 96.5% थी। इस इंश्योरेंस कंपनी को 2022 में लिस्टिंग के बाद से 10 साल का समय दिया गया है,ताकि वह भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की कम से कम 25% पब्लिक शेयरहोल्डिंग की शर्त को पूरा कर सके। इस तरह,इसे मई 2032 तक इस नियम का पालन करना होगा। इसी नियम का पालन करने के लिए अब LIC में सरकार की 2% हिस्सेदारी और बेचने की तैयारी है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के एसवीपी,रिसर्च अजीत मिश्रा का कहना है कि कंजरवेटिव अंडरराइटिंग, मज़बूत पूंजी स्थिति और डिजिटल विस्तार पर फोकस के चलते एलआईसी हाई क्वालिटी वाला बैंकिंग फ़्रैंचाइज़ी है। इस शेयर में आगे तेजी की उम्मीद है।
स्टॉक की चाल पर नजर डालें तो 1 हफ्ते में ये शेयर 3.22 फीसदी भागा है। वहीं, 1 महीने में इसमें 0.89 फीसदी की तेजी आई है। 3 महीने में ये शेयर 2.72 फीसदी गिरा है। वहीं, इस साल अब तक इसमें 3.30 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली है। 1 साल में इसमें 5.13 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं, 3 साल में इसमें 36.81 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।