LIC share price: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC के शेयर आज 2% से ज्यादा गिर गए। मंगलवार सुबह 10.40 पर LIC के शेयर 2.10% नीचे 820.15 रुपए पर ट्रेड कर रहे थे। कंपनी के शेयरों में गिरावट आने की वजह मार्च तिमाही के नतीजे रहे। मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 17% घटकर 2,409 करोड़ रुपए पर आ गया है। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 2917.33 करोड़ रुपए था।
फिस्कल ईयर 2022 की चौथी तिमाही में कंपनी की प्रीमियम से होने वाली आमदनी 18% बढ़कर 1.44 लाख करोड़ रुपए रही। वहीं एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी की आमदनी 1.22 लाख करोड़ रुपए थी।
LIC ने अपने निवेशकों के लिए 1.50 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड देने का फैसला किया है। कंपनी के नतीजे मार्केट बंद होने के बाद आए हैं। LIC के शेयर सोमवार को BSE पर 1.81% की तेजी के साथ 836.50 रुपए पर बंद हुए थे।
इश्यू प्राइस से 15% तक गिर चुके हैं शेयर
IPO के इश्यू प्राइस से अब तक LIC के शेयरों का भाव 15% तक गिर चुका है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 17 मई को हुई थी। LIC का IPO देश का अब तक का सबसे बड़ा इश्यू था। कंपनी का इश्यू सिर्फ 6 गुना ही सब्सक्राइब हो पाया था।
LIC के इश्यू में रिटेल इनवेस्टर्स और इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने जमकर बोली लगाई थी। जबकि विदेशी निवेशकों ने इस IPO में कुछ खास दिलचस्पी नहीं जताई थी। सरकार ने इश्यू के जरिए LIC में 3.5% हिस्सेदारी यानी 22.13 करोड़ शेयर बेचे थे।