भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने मंगलवार को बताया कि उसने पिछले कुछ महीनों में हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL), हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) और गैर-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी कैपरी ग्लोबल कैपिटल (Capri Global Capital) के शेयरों को खरीदकर उनमें अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है।
LIC ने बताया कि हीरो मोटोकॉर्प में उसकी हिस्सेदारी अब 1,83,10,233 से बढ़कर 2,24,91,571 इक्विटी शेयरों या 9.163 फीसदी से बढ़कर 11.256 फीसदी की हो गई है। कंपनी ने एक नियामकीय फाइलिंग्स में बताया कि उसने हीरो मोटोकॉर्प के शेयरों में यह खरीदारी 4 जनवरी 2021 से 13 जून 2022 के बीच में की है और इस दौरान एक शेयर की औसत कीमत 3,050.14 रुपये पड़ी है।
बता दें कि हीरो मोटोकॉर्प देश की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी है। LIC ने शेयर बाजारों को भेजी एक दूसरी सूचना में बताया कि उसने एफएमसीजी सेक्टर की कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) में अपनी हिस्सेदारी 11,73,80,500 शेयरों से बढ़ाकर 11,76,90,500 इक्विटी शेयर कर दी है, जो कंपनी की कुल पेड-अप कैपिटल का 5.08 फीसदी है।
LIC ने बताया, "13 जून 2022 तक के आंकड़ों के मुताबिक,2206.93 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर HUL में हिस्सेदारी बढ़ा 4.995 फीसदी से बढ़कर 5.008 फीसदी की गई।" HUL एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी है, जिसकी होम केयर, ब्यूटी, पर्सनल केयर, फूड एंड बेवरेज आदि सेगमेंट में मजबूत उपस्थिति है।
इसके अलावा LIC ने कैपरी ग्लोबल कैपिटल में अपनी हिस्सेदारी 88,58,348 इक्विटी शेयरों से बढ़ाकर 1,24,00,000 इक्विटी शेयर या 5.043 फीसदी से बढ़ाकर 7.059 फीसदी कर दी है। LIC ने बताया कि उसने 21 फरवरी से 10 जून के बीच 624.61 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। कैपरी ग्लोबल एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी है, जो MSMW, कंस्ट्रक्शन, किफायती आवास और अप्रत्यक्ष रिटेल लोन देने वाले सेक्टर्स में मौजूद है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंड (BSE) पर मंगलवार को LIC के शेयर 674.20 रुपये पर बंद हुए, जो पिछले बंद से 0.9 प्रतिशत ऊपर है। वहीं हीरो मोटोकॉर्प का शेयर 1.74 फीसदी की गिरावट के साथ 2552.50 रुपये पर बंद हुआ। हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयर भी 1.08 फीसदी गिरकर 2172.25 रुपये पर बंद हुए। जबकि कैपरी ग्लोबल के शेयर 0.48 फीसदी लुढ़कर 690.95 रुपये पर बंद हुए।