Stock Market Live Updates- पिछले हफ्ते कैसा रहा बाजार का हाल
शुक्रवार 14 जून को खत्म हुए हफ्ते में मिड और स्मॉलकैप इंडेक्सों ने सेंसेक्स-निफ्टी से बेहतर प्रदर्शन किया। बाजार में नया ऑल टाइम हाई भी लगता दिखा। भारतीय बाजार सीमित दायरे में रहे, लेकिन लगातार दूसरे हफ्ते बढ़त के साथ बंद हुए। इसके आलावा बाजार में दिसंबर 2023 के बाद से दो सप्ताह की सबसे बड़ी बढ़त दर्ज की गई। बीते हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 299.41 अंक या 0.39 फीसदी बढ़कर 76,992.77 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 175.45 अंक या 0.75 फीसदी बढ़कर 23,465.60 पर बंद हुआ।
छोटे-मझोले शेयरों की बात करें तो बीएसई स्मॉल-कैप इंडेक्स में 5 फीसदी की बढ़त हुई, मिड-कैप इंडेक्स में 4.4 फीसदी की तेजी रही और लार्ज-कैप इंडेक्स में 1 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुआ। सप्ताह के दौरान, बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50 इंडेक्स ने 77,145.46 और 23,490.40 के अपने नए रिकॉर्ड हाई को हिट किया।
बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 5 फीसदी बढ़कर 51,259.06 के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पीटीसी इंडस्ट्रीज, अवंतेल, होंडा इंडिया पावर प्रोडक्ट्स, पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी, बन्नारीअम्मन शुगर्स, केमप्लास्ट सनमार, जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर, वार्डविज़ार्ड इनोवेशन एंड मोबिलिटी, ईआईएच एसोसिएटेड होटल्स, होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी इंडिया, रिलायंस पावर, एशियन ग्रैनिटो इंडिया में 25-34 फीसदी की तेजी आई।
वहीं, दूसरी तरफ सनोफी इंडिया, आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स, हेरिटेज फूड्स, पीएनसी इंफ्राटेक, इंडिया पेस्टिसाइड्स, वारी रिन्यूएबल टेक्नोलॉजीज, पूनावाला फिनकॉर्प, संमित इंफ्रा, ट्रूकैप फाइनेंस, डिवगी टॉर्कट्रांसफर सिस्टम्स, फिनोलेक्स इंडस्ट्रीज के शेयरों में 5-29 फीसदी तक की गिरावट आई।