Zomato Share Price: जोमैटो के 78 फीसदी शेयरों के लिए लॉक-इन (Lock-In) पीरियड अगले खत्म हो रहा है। एनालिस्ट्स का कहना है कि इसके बाद जोमैटो के शेयरों पर बिकवाली का दबाव दिख सकता है। इन शेयरों का मूल्य करीब 613 करोड़ रुपये है। मंगलवार को जोमैटो के शेयरों में हल्की मजबूती देखने को मिली। 2:45 बजे कंपनी का शेयर 0.37 की मजबूती के साथ 53.80 रुपये था। जोमैटो फूड डिलीवरी कंपनी है।
इनगवर्न के फाउंडर और एमडी श्रीराम सुब्रमण्यम ने कहा, "इस कंपनी में कोई प्रमोटर नहीं है। फाउंडर्स सहित सभी शेयरहोल्डर्स की इसमें 77.87 फीसदी हिस्सेदारी है। 23 जुलाई को लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद ये शेयरहोल्डर्स अपने शेयर बेचने को आजाद होंगे। उन्हें किसी तरह का डिसक्लोजर नहीं करना होगा। इसका बड़ा असर शेयर की कीमतों पर दिख सकता है।"
उन्होंने बताया कि जब एंकर इनवेस्टर्स के लिए लॉक-इन पीरियड खत्म हुआ था तब इस शेयर में सिर्फ एक दिन में 8 फीसदी गिरावट आई थी। जोमैटो का शेयर पिछले साल 23 जुलाई को शेयर मार्केट में लिस्ट हुआ था। इसकी बहुत अच्छी लिस्टिंग हुई थी।
Zomato ने आईपीओ में इनवेस्टर्स को 76 रुपये पर शेयर अलॉट किए थे। कंपनी का शेयर 51 फीसदी प्रीमियम के साथ बीएसई पर 115 रुपये पर लिस्ट हुआ था। उसके बाद भी शेयरों में तेजी का सिलसिला जारी रहा। बीएसई पर इस शेयर का भाव 169 रुपये के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया था। इसके कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1 लाख करोड़ रुपये के लेवल को पार कर गया था।
इक्विनॉमिक्स रिसर्च एंड एडवायरजीर के फाउंडर जी चोक्कलिंगम ने कहा, "रिटेल इनवेस्टर्स के लिए यह देखना जरूरी है कि PE/VC इनवेस्टर्स किस प्राइस पर आए थे। अगर जोमैटो के शेयरों को एक्वायर करने का उनका प्राइस करेंट प्राइस से बहुत कम था तो वे बियरिश मार्केट में प्रॉफिट बुक करना चाहेंगे।"
उन्होंने कहा, "चूंकि कई इनवेस्टर्स के लिए शेयरों को खरीदने की कॉस्ट बहुत कम थी, जिससे उनके लिए प्रॉफिट बुक करने का मौका होगा। इसलिए मेरा मानना है कि 23 जुलाई के बाद इस शेयर में गिरावट आने की बहुत ज्यादा संभावना है।"