LPG संकट की आशंका से इंडक्शन कंपनियों के शेयरों में तेजी; TTK प्रेस्टीज समेत ये स्टॉक्स 13% तक उछले

LPG crisis: देश में एलपीजी को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच इलेक्ट्रिक किचन अप्लायंसेज बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में आज 11 मार्च को तेजी देखने को मिली। TTK प्रेस्टीज और जैपन इंडस्ट्रीज के शेयर 13% तक बढ़ गए। बटरफ्लाई गांधीमठी और स्टोव क्राफ्ट के शेयर क्रमशः 2.5% और 2% तक उछल गए। वहीं बोरोसिल का शेयर भी 3% ऊपर कारोबार कर रहा था

अपडेटेड Mar 11, 2026 पर 2:19 PM
Story continues below Advertisement
LPG crisis: देश की कुल LPG जरूरतों का लगभग 62 प्रतिशत हिस्सा विदेशों से आयात होता है

LPG crisis: देश में एलपीजी को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच इलेक्ट्रिक किचन अप्लायंसेज बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में आज 11 मार्च को तेजी देखने को मिली। TTK प्रेस्टीज और जैपन इंडस्ट्रीज के शेयर 13% तक बढ़ गए। बटरफ्लाई गांधीमठी और स्टोव क्राफ्ट के शेयर क्रमशः 2.5% और 2% तक उछल गए। वहीं बोरोसिल का शेयर भी 3% ऊपर कारोबार कर रहा था।

इन शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब IRCTC ने एलपीजी की सप्लाई से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए रेलवे स्टेशनों (ट्रेनों में नहीं) पर बने कैटरिंग यूनिट्स को माइक्रोवेव और इंडक्शन स्टोव जैसे खाना पकाने के दूसरे तरीकों पर शिफ्ट होने का निर्देश दिया है।

IRCTC का नया निर्देश

आईआरसीटीसी ने रेलवे स्टेशनों के कैटरिंग संचालकों को वैकल्पिक खाना पकाने के तरीकों का इस्तेमाल करने को कहा है। हालांकि यह निर्देश ट्रेनों में चलने वाली कैटरिंग सेवाओं पर लागू नहीं होगा। कैटरिंग इकाइयों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे रेडी-टू-ईट (RTE) फूड आइटम्स और पैक्ड फूड का पर्याप्त भंडार बनाए रखें। जहां एलपीजी आधारित खाना पकाने की व्यवस्था बंद हो जाती है, वहां तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करना अनिवार्य किया गया है।


भारत में LPG की बड़ी खपत

भारत में हर साल लगभग 3.13 करोड़ टन एलपीजी की खपत होती है। इसमें से करीब 87 प्रतिशत इस्तेमाल घरेलू रसोई में होती है। वहीं बाकी हिस्सा होटल, रेस्टोरेंट और दूसरी कमर्शियल जगहों पर इस्तेमाल होता है। देश की कुल LPG जरूरतों का लगभग 62 प्रतिशत हिस्सा आयात के जरिए पूरा किया जाता है।

होर्मुज जलडमरूमध्य से प्रभावित सप्लाई

अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही प्रभावित हुई है। यह वही समुद्री मार्ग है, जिसके जरिए भारत को सऊदी अरब सहित दूसे देशों से 85 से 90 प्रतिशत एलपीजी आयात मिलता है।

बाजार में इंडक्शन कुकर की मांग बढ़ी

कोलकाता के खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स के डायरेक्टर मनीष खोसला के अनुसार गैस की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी और सिलेंडर की कमी की आशंका के कारण ग्राहकों में घबराहट देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम से ही इंडक्शन कुकर की मांग तेजी से बढ़ने लगी। उनके अनुसार शनिवार को बिक्री में लगभग 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और रविवार को भी यही रुझान जारी रहा।

आमतौर पर उनकी कंपनी के 86 स्टोरों में प्रतिदिन लगभग 40 से 45 इंडक्शन कुकर बिकते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर करीब 120 से 130 यूनिट प्रतिदिन हो गई है।

कोलकाता के एज्रा स्ट्रीट जैसे बड़े इलेक्ट्रिकल बाजारों में भी दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में खाना पकाने से जुड़े इलेक्ट्रिक उपकरणों की बिक्री तेजी से बढ़ी है।

सरकार का बयान

हालांकि सरकार ने एलपीजी सप्लाई को लेकर चिंताओं को कम करने की कोशिश की है। एक सरकारी सूत्र ने 10 मार्च को बताया कि एलपीजी उत्पादन में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है और फिलहाल किसी भी LPG डिस्ट्रीब्यूटर को सप्लाई की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- Share Market Crash: इन 4 कारणों से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट; सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, निफ्टी 24,000 के नीचे

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।