M&M Share Price: ट्रैक्टर की बिक्री सुस्त, SUV में तगड़ा कंपीटिशन; फिर भी कोटक को शेयर में 43% तेजी की उम्मीद

M&M Share Price: महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर में एक साल में करीब 20% गिरावट आई है। ट्रैक्टर बिक्री में सुस्ती और SUV बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है। इसके बावजूद Kotak ने 4,000 रुपये का टारगेट दिया है। क्या नए लॉन्च शेयर की दिशा बदल सकते हैं? समझिए पूरी तस्वीर।

अपडेटेड Oct 14, 2026 पर 5:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kotak को उम्मीद है कि M&M के नए प्रोडक्ट लॉन्च से SUV सेगमेंट में बाजार हिस्सेदारी बढ़ सकती है।

M&M Share Price: महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयर में गिरावट के बावजूद ब्रोकरेज फर्म Kotak Institutional Equities ने ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर का फेयर वैल्यू 4,000 रुपये तय किया है। यह 2,793 रुपये के मौजूदा बाजार भाव से करीब 43% ज्यादा है।

Kotak का मानना है कि हालिया गिरावट निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका हो सकती है। महिंद्रा के पोर्टफोलियो में थार, बोलेरो और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियां हैं।

शेयर में गिरावट की 4 बड़ी वजहें


M&M का शेयर पिछले तीन महीनों में करीब 10% और एक साल में लगभग 20% टूट चुका है। इस दौरान कंपनी की कमाई के अनुमान भी बढ़े हैं। इसके बावजूद निवेशकों की चिंता बढ़ी है। Kotak ने इसके पीछे चार प्रमुख वजहें बताई हैं।

पहली वजह ट्रैक्टर बिक्री में सुस्ती है। कमजोर मानसून और पिछले साल के ऊंचे बेस के कारण मांग पर दबाव है। दूसरी वजह SUV सेगमेंट में बाजार हिस्सेदारी घटना है। ग्राहक अब हैचबैक और छोटी SUV की ओर भी रुख कर रहे हैं। तीसरी चिंता JSW Motors जैसे नए खिलाड़ियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा है। चौथी वजह कच्चे माल की बढ़ती लागत है।

हालांकि, Kotak का मानना है कि बाजार ने इन चिंताओं के असर को जरूरत से ज्यादा तवज्जो दी है। ब्रोकरेज के मुताबिक, इनमें से ज्यादातर चुनौतियां अस्थायी हैं या समय के साथ सुधर सकती हैं।

नए लॉन्च से SUV बाजार में वापसी की उम्मीद

Kotak को उम्मीद है कि M&M के नए प्रोडक्ट लॉन्च से SUV सेगमेंट में बाजार हिस्सेदारी बढ़ सकती है। कैलेंडर वर्ष 2027 की पहली छमाही से NU_IQ प्लेटफॉर्म पर बेस्ड गाड़ियां लॉन्च होने की संभावना है। इससे कंपनी को हालिया नुकसान की भरपाई करने में मदद मिल सकती है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी की योजना वित्त वर्ष 2031 तक 16 नई SUV और 10 नए लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) लॉन्च करने की है।

लंबी अवधि में ग्रोथ की संभावना

Kotak का मानना है कि भारत में SUV की कम पहुंच, लास्ट-माइल डिलीवरी और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए LCV की मांग और खेती में मशीनीकरण बढ़ने से M&M को फायदा मिल सकता है।

ब्रोकरेज के रिवर्स DCF विश्लेषण के मुताबिक, मौजूदा शेयर भाव में वित्त वर्ष 2029 से 2050 के बीच वॉल्यूम में सालाना सिर्फ 3% से 3.5% की ग्रोथ का अनुमान शामिल है। Kotak को लंबी अवधि में इससे बेहतर ग्रोथ की उम्मीद है।

कमाई का अनुमान घटाया, फिर भी Buy रेटिंग

Kotak ने वित्त वर्ष 2027 से 2029 के लिए कंपनी के स्टैंडअलोन EPS अनुमान में 5% से 8% की कटौती की है। कमजोर मानसून के कारण अगले चार तिमाहियों में ट्रैक्टर बिक्री घटने का अनुमान है। हालांकि, SUV की मांग स्थिर रहने और 2027 में नए लॉन्च से बाजार हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद है।

ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2028 के अनुमानित कोर EPS के 15.5 गुना पर शेयर का वैल्यूएशन किया है। Kotak के मुताबिक, यह वैल्यूएशन आकर्षक है। इसलिए निकट अवधि की चुनौतियों के बावजूद उसने शेयर पर खरीदारी की सलाह बरकरार रखी है।

Suzlon Energy Share: चार दिन में 12% चढ़ा सुजलॉन, अब भी तूफानी तेजी की उम्मीद; मोतीलाल ओसवाल ने ₹65 का टारगेट दिया

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।