MapmyIndia के शेयरों में 11% की भारी गिरावट, दिसंबर तिमाही के खराब नतीजों के बाद लुढ़का स्टॉक

CE Info Systems का मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 18.52 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 14 फीसदी कम है

अपडेटेड Jan 28, 2022 पर 2:44 PM
दोपहर 1 बजे BSE पर, MapmyIndia के शेयर 8% की गिरावट के साथ 1,326 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे

MapmyIndia share prices: मैपमायइंडिया ब्रांडनेम से ऑपरेट करने वाली कंपनी CE इंफो सिस्टम्स लिमिटेड (CE Info Systems Ltd) के शेयरों में शुक्रवार को 11 फीसदी से अधिक की भारी गिरावट देखी गई। इंट्राडे के दौरान BSE पर स्टॉक की कीमत 11.36 फीसदी गिरकर 1,271.65 रुपये के निचले स्तर पर चली गई। MapmyIndia के शेयरों में यह गिरावट तीसरी तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद आई है, जो बाजार की उम्मीदों के मुताबिक नहीं था।

CE Info Systems का मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 18.52 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 14 फीसदी कम है। इसी तरह कंपनी की आमदनी भी दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 11 फीसदी घटकर 43.37 करोड़ रुपये रहा। EBITDA मार्जिन की बात करें तो यह, सालाना आधार 7 फीसदी घटकर 35.9 फीसदी रहा।

कंपनी ने बताया कि 4 फरवरी को उसके बोर्ड की बैठक होगी, जिसमें एक IoT और लॉजिस्टिक SaaS टेक कंपनी में मेजॉरिटी शेयर अधिग्रहण के प्रस्ताव पर विचार कर उसे मंजूर किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी बोर्ड मीटिंग में निवेशकों को अंतरिम डिविडेंड देने पर भी विचार कर सकती है।


दोपहर 1 बजे के करीब BSE पर, MapmyIndia के शेयर करीब 8 फीसदी की गिरावट के साथ 1,326 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- LIC IPO : कुछ दिनों में फाइल होगा ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस, Sebi से 3 हफ्ते में मंजूरी चाहती है सरकार

कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में सेमीकंडक्टर्स की किल्लत के चलते ऑटोमोटिव OEMs को बिक्री प्रभावित हुई है। कंपनी ने आगे कहा कि सेमीकंडक्टर की सप्लाई चेन में सुधार आने के साथ, ही उसकी तिमाही आमदनी भी सामान्य हो जाएगी।

CE Info Systems की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया, "चौथी तिमाही में हमें ऐसा होता हुआ दिख रहा है। साथ ही इस तिमाही में अधिक संख्या में गाड़िया और नए मॉडल मैपमायइंडिया के मैप और टेक्नोलॉजी को प्री-इंस्टॉल वर्जन के साथ लॉन्च हो रही है। इसके चलते इस तिमाही में अच्छी ग्रोथ की उम्मीद है।"

बता दें CE Info Systems के शेयर बीते दिसंबर में शेयर बाजार में लिस्ट हुए थे। कंपनी ने आईपीओ के दौरान अपने शेयरों की कीमत 1,000 से 1,033 रुपये रखी थी और इस साल जनवरी में इसके कीमत 1,918.35 रुपये का अपना सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था। हालांकि इसके बाद से मैपमायइंडिया के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा जा रहा है और पिछले 10 दिनों में इसमें करीब 35 फीसदी की गिरावट आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।