21 अप्रैल को बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी का मूड देखने को मिला। हैवी वेट स्टॉक्स में आई तेजी के साथ ही चौतरफा खरीदारी के माहौल में सेंसेक्स -निफ्टी अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 874.18 अंक यानी 1.53 फीसदी की बढ़त के साथ 57,911.68 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 256.05 अंक यानी 1.49 फीसदी की मजबूती के साथ 17,392.60 के स्तर पर बंद हुआ।
LKP securities के एस रंगनाथन का कहना है कि काफी लंबे समय के बाद बाजार में फिर से बुल्स की वापसी देखने को मिली है। एनर्जी सेक्टर ने आज बाजार को अच्छा सपोर्ट दिया। उम्मीद है कि ग्रॉस रिफाइनिंग मार्जिन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि ऑटो सेक्टर की लीडरशिप में लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स आज हरे निशान में बंद हुए हैं। साथ ही वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया विक्स भी ठंडा हुआ है। पिछले हफ्ते के दौरान भारी पिटाई के शिकार हुए हैवी वेट्स में भी आज खरीदारी नजर आती दिखी। जिससे बाजार में बुल्स को सपोर्ट मिला।
जानिए कल कैसी रह सकती है बाजार की चाल
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान का कहना है कि पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के दम पर आज लगातार दूसरे दिन बाजार का सेटिमेंट हाई रहा। लगभग सभी सेक्टरों में व्यापक खरीदारी देखने को मिली। आज मजबूत ओपनिंग के बाद निफ्टी 200- day SMA के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहा और इसने डेली चार्ट पर एक लॉन्ग बुलिश कैंडल बनाया जो कि अपट्रेंड कायम रहने के संकेत दे रहा है।
हमारा मानना है कि बाजार का शॉर्ट टर्म रूख पॉजिटिव हो गया है लेकिन ओवर स्ट्रेच्ड इंट्राडे फॉर्मेशन की वजह से सीमित दायरे में कारोबार की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ट्रेडरों के लिए 17,500-17,550 पर बाधा नजर आ रही है। वहीं 17,300-17,275 के नीचे सपोर्ट है। बाजार का इंट्राडे रुझान थोड़ा ओवरबॉट दिख रहा है। ऐसे में गिरावट पर खरीद और उछाल में बिकवाली डे ट्रेडर्स के लिए अच्छी रणनीति होगी ।
Angel One के समीत चव्हाण का कहना है कि आने वाले सत्र के लिए 17,450 का स्तर काफी अहम होगा। जैसे ही निफ्टी यह लेवल तोड़कर ऊपर जाएगा। उसमें हमें और तेजी आती दिखेगी और यह हमें 17,600 –17,700 की तरफ जाता नजर आ सकता है। वहीं नीचे की तरफ 17,300 और 17,200 पर निफ्टी के लिए इमीडिएट सपोर्ट दिख रहा है। ट्रेडर्स को सलाह होगी कि वह किसी गिरावट में खरीद की रणनीति अपनाएं और किसी थीमैटिक मूव्स पर नजर बनाए रखें।