Market Insight :शुक्रवार को दोपहर के कारोबार में भारतीय शेयर बाजार में बढ़त देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 600 अंक ऊपर चढ़ा है और निफ्टी ने 23,825 का आंकड़ा पार कर लिया है। फाइनेंशियल शेयरों में खरीदारी के चलते बाजार में जोश देखने को मिल रहा है। दोपहर 1 बजे के आसपास सेंसेक्स 598.76 अंक या 0.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,782.12 पर और निफ्टी 171.95 अंक या 0.73 प्रतिशत बढ़कर 23,826.65 पर दिख रहा था। बैंकिंग शेयर आज की तेजी को लीड कर रहे हैं। जबकि, फार्मा और मीडिया शेयरों पर दबाव दिख रहा है। छोटे-मझले शेयर भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
ऑटो एंसिलरी में एयरोस्पेस,डिफेंस और सेमीकंडक्टर पर फोकस वाली कंपनियां पसंद
ऐसे में टेक्नो फंडा नजरिए से अपने पसंदीदा शेयरों और सेक्टरों पर बात करते हुए JM फाइनेंशियल सर्विसेज के PMS के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष चतुरमोहता ने कहा कि एक जो थीम उनको बहुत अच्छी लग रही है,वह है ऑटो एनसिलरी की ऐसी कंपनियां जो अपने आप को एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के साइड पर ट्रांजिट कर रही हैं। ऐसी कंपनियों में बहुत ही अच्छी तेजी देखने को मिल रही है।
कल हमने सनसेरा इंजीनियरिंग (Sansera Engineering) के नंबर देखे हैं। आशीष चतुरमोहता ने बताया कि यह कंपनी उनके पोर्टफोलियो में भी है। कंपनी के नतीजे बहुत ही अच्छे रहे हैं। इसकी ऑर्डर बुक काफी अच्छी है। कंपनी को एडीएस सेगमेंट (एयरोस्पेस,डिफेंस और सेमीकंडक्टर) से काफी अच्छे ऑर्डर मिले हैं। इस समय कंपनी के लिए यह सेगमेंट काफी स्ट्रांग ग्रोथ ड्राइवर बना हुआ है। कंपनी 250 करोड़ रुपए का नया कैपेक्स कर रही है। इससे आगे कंपनी को काफी फायदा होगा और इसकी मार्जिन प्रोफाइल काफी इंप्रूव होगी।
आशीष चतुरमोहता का कहना है कि इस तरह की जो कंपनियां माहौल के मुताबिक एरोस्पेस,डिफेंस और सेमीकंडक्टर सेगमेंट में एक्सपोजर बढ़ा रहीं हैं, उनमें आगे काफी अच्छी ग्रोथ देखने को मिलेगी और इनकी री-रेटिंग होगी। ऑटो एनसिलरी में ही एसजेएस एंटरप्राइज (SJS Enterprises) जैसी कंपनी उनको अच्छी लग रही है।
कैपिटल मार्केट्स और केपिटल गुड्स शेयरों में भी बनेगा पैसा
आशीष चतुरमोहता ने बताया कि कैपिटल मार्केट्स शेयर भी अच्छे लग रहे हैं। आगे एंजेल वन की री-रेटिंग होने की काफी मजबूत संभावना है। उन्होंने बताया कि कैपिटल गुड्स पर भी वे ओवरवेट हैं। कैपिटल गुड्स में ट्रांसफार्मर, एचवीडीसी और एरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी कंपनियां अच्छी लग रही हैं।
मार्केट की चाल पर बात करते हुए आशीष चतुरमोहता ने कहा कि मार्केट अब कुछ बेस बना रहा है और आगे बढ़ने के लिए तैयार है। जब क्रूड ने 110 डॉलर का स्तर हिट किया था और रुपया अपने ऑलटाइम लो पर थो तो भी निफ्टी अपने आपको 23400-23500 की ट्रेजेक्टरी में बनाए हुआ था। यह 22500 के आसपास के अपने पुराने निचले स्तर के ऊपर बना रहा। सबसे बड़ी बात यह है कि जब क्रूड बढ़ रहा था और रुपया ऑल टाइम लो पर जा रहा था तब भी बाजार ने काफी मजबूती दिखाई और वोलैटिलिटी इंडिकेटर में कोई शार्प अप मूव देखने को नजर नहीं आया। इससे इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि बाजार का बेस बनना शुरू हो चुका है।
बाजार सारे खराब खबरों को पचा चुका है। उनका मानना है कि बाजार का बेस तो निश्चिततौर पर बन चुका है। लेकिन जो अपसाइड ट्रिगर है उसके अंदर थोड़े चैलेंजेज नजर आ रहे हैं। खासतौर पर लार्ज कैप स्पेस को लेकर चुनौतियां बनी हुई है। जब तक एफआईआई की तरफ से खरीदारी नहीं आती तब तक लार्ज कैप अंडर परफॉर्म करते हुए नजर आएंगे।
लार्ज कैप शेयरों पर रहेगा दबाव
आशीष चतुरमोहता का मानना है कि अभी आगे भी लार्ज कैप का प्रदर्शन स्मॉल और मिड कैप की तुलना में कमजोर रहने की संभावना है। अगर निफ्टी 23,000 से 24,500 के बैंड में भी रहता है तो हम इस बाजार में भी स्टॉक स्पेसिफिक और थीम स्पेसिफिक रह कर अच्छा पैसा बना सकते हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।