Market news : इस साल की शुरुआत से ट्रेडिंग घंटों के विस्तार पर विचार कर रहा एनएसई एफएंडओ ट्रेडिंग के लिए कारोबारी अवधि में बढ़ोतरी कर सकता है। इसके लिए सेबी की मंजूरी का इंतजार है। कारोबारी अवधि में बढ़त की ये शुरुआत निफ्टी और बैंक निफ्टी सहित इंडेक्स वायदा और ऑप्शन से होगी। एक्सटेंडेड सेशन के दौरान, ट्रेडर्स सुबह 9:15 बजे से 3:30 बजे के बाद भी एफ एंड ओ कॉन्ट्रैक्टों में ट्रेडिंग कर सकेंगे। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) इक्विटी डेरिवेटिव्स के लिए एक्सटेंडेड ट्रेडिंग ऑवर शुरू करने की राह पर है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक एनएसई शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक के एक इवनिंग ट्रेडिंग सत्र पर भी विचार कर रहा है। यहां ट्रेडर्स सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे के नियमित ट्रेडिंग ऑवर के बाद भी फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस की ट्रेडिंग कर सकेंगे। सूत्रों को मुताबिक एनएसई इस सत्र को रात 11:30 बजे तक बढ़ा सकता है।
लंबे ट्रेडिंग ऑवर के साथ एनएसई का लक्ष्य भारतीय ट्रेडर्स को ग्लोबल घटनाओं पर तेजी से रिएक्ट करने का मौका देना है। उम्मीद है की कारोबारी सत्र में विस्तार से एक्सचें के ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी बढ़त की उम्मीद है। इसके अलावा GIFT City जैसे कई प्लेटफार्म्स पर 24 घंटे इस तरह की ट्रेडिंग की सुविधा दी जा रही है। इसको देखते हुए एनएसई भी प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए एफएनओ ट्रेडिंग ऑवर में विस्तार की योजना पर काम कर रही है।
सेबी से हरी झंडी मिलने का इंतजार
एनएसई ने इस बारे में अपनी आवेदन पहले ही बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) को सौंप दिया है और हरी झंडी का इंतजार कर रहा है। यह ध्यान रखने की बात है कि सेबी ने पहले ही ऐसे नियम बना दिए हैं जो एक्सचेंजों को एफएंडओ कारोबार को रात 11:55 बजे तक और शेयरों ट्रेडिंग कारोबार को शाम 5 बजे तक खुला रखने की अनुमति देते हैं।
निफ्टी और बैंक निफ्टी सहित इंडेक्स फ्यूचर्स और ऑप्शंस से होगी शुरुआत
इस साल की शुरुआत से ही ट्रेडिंग ऑवर के विस्तार पर विचार कर रहा एनएसई संभवतः एक्सटेंडेड ऑवर में अलग-अलग प्रोडक्ट को चरणबद्ध तरीके से पेश करेगा। इसका इरादा निफ्टी और बैंक निफ्टी सहित इंडेक्स फ्यूचर्स और ऑप्शंस से शुरुआत करने का है। बाद में स्टॉक डेरिवेटिव्स को भी इसमें शामिल किया जाएगा। हालाकि, सभी प्रोडक्ट्स की एक्सपायरी डेट और समय वही रहेंगे।
कुछ ब्रोकर और कई दूसरे बाजार भागीदार फैसले से सहमत नहीं
हालांकि कुछ ब्रोकर और कई दूसरे बाजार भागीदारों को एनएसई का इवनिंग ट्रेडिंग सत्र शुरू करने का ये फैसला अच्छा नहीं लग रहा है। उनके मुताबिक, लंबे समय तक ट्रेडिंग से ट्रेडिंग वॉल्यूम को बढ़ाने में मदद नहीं मिलेगी। बल्कि इससे लागत बढ़ेगी और कर्मचारियों में असंतोष पैदा होगा।
पोर्टफोलियो रिस्क मैनेजमेंट सुधारने के लिए समय बढ़ाना जरूरी : श्रीराम कृष्णन
इस मुद्दे पर बात करते हुए NSE के चीफ बिजनेस डेवलपमेंट ऑफीसर श्रीराम कृष्णन ने कहा कि शेयर बाजार में ट्रेडिंग का वक्त बढ़ाने पर काफी सुझाव मिले हैं। इंडेक्स फ्यूचर का समय बढ़ाने का प्रस्ताव SEBI को भेजा गया है। दिसंबर से ही इस पर घरेलू और बाहरी निवेशकों से बातचीत जारी है। NSE की वर्किंग कमिटी के मुताबिक शाम 6 से 9 बजे तक एक सेशन होना चाहिए। इंडेक्स और फ्यूचर्स में ज्यादा समय तक ट्रेडिंग की सलाह है। स्टॉक F&O पर बाद में फैसला लेंगे। इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए SEBI की मंजूरी का इंतजार है। पोर्टफोलियो रिस्क मैनेजमेंट सुधारने के लिए समय बढ़ाना जरूरी है। कई और इंडेक्स प्रोडक्ट लॉन्च करने पर भी विचार किया जा रहा है। बाद में समय बढ़ाकर रात 11:55 तक करने पर भी विचार किया जाएगा। ग्लोबल एक्सचेंज 24 घंटे काम करते हैं, अब उनके साथ चलने का समय है।