Market outlook : आज 8 सितंबर को बाजार में लगातार छठें दिन तेजी देखने को मिली है। निफ्टी 19800 के ऊपर बंद होने में कामयाब रहा है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 333.35 अंक या 0.50 फीसदी की बढ़त के साथ 66598.91 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 93 अंक या 0.47 फीसदी बढ़कर 19,820 पर बंद हुआ है। लगभग 1959 शेयरों में बढ़त देखने को मिली है। जबकि 1611 शेयर गिरे हैं। वहीं, 120 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। कोल इंडिया, एनटीपीसी, बीपीसीएल, टाटा मोटर्स और लार्सन एंड टुब्रो निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। जबकि यूपीएल, आयशर मोटर्स, अपोलो हॉस्पिटल्स, आईटीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयरों में तेजी देखने को मिली है। जबकि निफ्टी के 50 में से 31 शेयरों में खरीदारी दिखी। वहीं, निफ्टी बैंक के 12 में से 11 शेयरों में बढ़त रही।
सेक्टोरल इंडेक्सों की बात करें तो कैपिटल गुड्स, तेल और गैस, पावर और रियल्टी 1.5-2 फीसदी ऊपर बंद हुए हैं। जबकि फार्मा इंडेक्स 0.3 फीसदी नीचे बंद हुआ है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.9 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी बढ़कर बंद हुए हैं। उधर डॉलर के मुकाबले रुपए में भी आज मजबूती रही है। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया गुरुवार के 83.21 के मुकाबले शुक्रवार को 27 पैसे बढ़कर 82.94 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ है।
11 सितंबर को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
कोटक सिक्योरिटीज के अमोल अठावले का कहना है कि सेंसेक्स-निफ्टी आज फिर कमजोर एशियाई और यूरोपीय बाजारों को नजरअंदाज करते हुए लगातार छठे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। दुनिया के दूसरे बाजारों में अवसरों की कमी के चलते निवेशक भारत की तरफ अपना रुख कर रहे हैं। इस समय उन कंपनियों में निवेश बढ़ रहा है जो आगे चलकर अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। तकनीकी नजरिए से देखें तो नीचे से वापसी करते हुए निफ्टी हायर बॉटम फॉर्मेशन को बनाए हुए है। निफ्टी आराम से 50 और 20-डे एसएमए (सिंपल मूविंग एवरेज) से ऊपर कारोबार कर रहा है जो काफी हद तक पॉजिटिव है। निफ्टी ने वीकली चार्ट पर एक लॉन्ग बुलिश कैंडलिस्टिक भी बनाया है। ये मौजूदा स्तरों से और तेजी आने का संकेत है।
ट्रेंड फॉलो करने वाले ट्रेडरों के लिए 19700-19650 पर बड़ा सपोर्ट है। अगर ये सपोर्ट बना रहता है तो फिर निफ्टी में 19900 तक का स्तर देखने को मिल सकता है। इसके आगे ये तेजी 20000 तक बढ़ सकती है। दूसरी ओर 19650 के नीचे जानें पर अपट्रेंड कमजोर होगा। फिर निफ्टी 19550-19500 तक गिर सकता है।
बैंक निफ्टी भी लंबे समय के बाद 50-डे एसएमए को पार कर गया है जो काफी हद तक पॉजिटिव है। इसने एक हायर बॉटम फॉर्मेशन भी बनाया है, जो आगे और तेजी आने का संकेत है। पोजीशनल ट्रेडर्स के लिए 44700 या 50-डे एसएमए पर सपोर्ट है। यह सपोर्ट बने रहने पर बैंक निफ्टी में 45600-45900 तक की रैली देखने को मिल सकती है। दूसरी ओर, 44700 से नीचे जाने पर बैंक निफ्टी 20-डे एसएमए या 44300-44000 के स्तर तक फिसल सकता है।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी ने आज बढ़त के साथ शुरुआत की और पूरे दिन हरे निशान में रहा। निफ्टी का ऑवरली चार्ट दिखा रहा है कि ये राइजिंग चैनल के ऊपरी छोर पर पहुंच गया है। ऐसे में अगले हफ्ते इसमें कंसोलीडेशन की संभावना है। यह कंसोलीडेशन 19850 - 19670 के रेंज में हो सकता है। डेली और ऑवरली मोमेंटम इंडीकेटरों में पॉजिटिव क्रॉसओवर है। ये खरीदारी का सेंकेत है। ऐसे में हमें कंसोलीडेशन की ही संभावना दिख रही। इस स्थिति में हमें किसी गिरावट में खरीदारी के मौके तलाशने चाहिए। अगले हफ्ते निफ्टी हमें ऊपर की तरफ 19900 का स्तर छूता दिख सकता है जो जुलाई के स्विंग हाई के करीब स्थित है। नीचे की तरफ 19630 –19670 पर सपोर्ट और ऊपर की तरफ 19860 –19900 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।
बैंक निफ्टी में भी आज खरीदारी देखने को मिली। पिछले कारोबारी सत्र में कंसोलीडेशन से बाहर निकलने के बाद आज भी इसमें खरीदारी रही। मोमेंटम इंडिकेटर में एक पॉजिटिव क्रॉसओवर है जो तेजी का संकेत है। कुल मिलाकर हमें बैंक निफ्टी में तेजी जारी रहने की उम्मीद है। शॉर्ट टर्म में बैंक निफ्टी में 45500 का स्तर देखने को मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।