Stock market : भारतीय इक्विटी इंडेक्सों का 6 दिनों की तेजी का सिलसिला आज टूट गया। 21 फरवरी को निफ्टी 22,100 से नीचे गिरकर बंद हुआ। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 434.31 अंक या 0.59 फीसदी गिरकर 72,623.09 पर और निफ्टी 142.00 अंक या 0.64 फीसदी टूट कर 22,055.00 पर बंद हुआ। आज लगभग 1227 शेयरों में तेजी देखने को मिली। 2078 शेयरों में गिरावट रही। जबकि 69 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 1 फीसदी गिरे हैं।
निफ्टी पर सबसे ज्यादा गिरावट बीपीसीएल, कोल इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प, पावर ग्रिड कॉर्प और एनटीपीसी में हुई। जबकि टाटा स्टील, एसबीआई, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और इंडसइंड बैंक में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली। सेक्टोरल इंडेक्सों की बात करें तो रियल्टी और पीएसयू बैंक को छोड़कर दूसरे सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं।
ऊपरी स्तरों पर कड़ा प्रतिरोध
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना है कि भारतीय बाज़ार को ऊपरी स्तरों पर कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है। मिड और स्मॉलकैप काफी महंगे हो गए हैं। इनका रिस्क-रिवॉर्ड निगेटिव हो गया है जो निवेशकों को मुनाफा बुक करने के लिए प्रोत्साहित करता है। ग्लोबल बाजार यूएस फेड के मिनट की प्रतीक्षा में सावधानी से चल रहे थे। जबकि चाइना के बाजार सरकारी प्रोत्साहन से कुछ सुधरे हैं। लेकिन चिंताएं बनी हुई हैं। निवेशक यूएस फेड की दर में कटौती की उम्मीद लगाकर बैठे थे। लेकिन जनवरी की उम्मीद से ज्यादा महंगाई ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 22250 पर रजिस्टेंस
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि कल के कारोबार में रिकॉर्ड स्तर दर्ज करने के बाद आज भारतीय इक्विटी में करेक्शन का दौर देखने को मिला। रिकॉर्ड स्तर पर निफ्टी ने एक बियरिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है जिसे आरएसआई में संभावित डाइवर्जेंस के साथ डार्क क्लाउड कवर के रूप में जाना जाता है। इसके बाजारों में शॉर्ट टर्म कमजोरी का संकेत माना जाता है। अब ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 22,250 पर रजिस्टेंस दिख रहा है। जबकि नीचे की तरफ 21,930 पर सपोर्ट दिख रहा है।
रैली में ठहराव का मिल रहा संकेत
एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि निफ्टी ने डेली चार्ट पर एक बियरिश पैटर्न बनाया है, जो चल रही रैली में संभावित ठहराव का संकेत है। मोमेंटम इंडीकेटर आरएसआई एक मंदी का क्रॉसओवर दिखा रहा है, जो निकट अवधि में कमजोरी का संकेत दे रहा है। निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 22,000 पर स्थित है। अगर ये सपोर्ट टूट जाता है तो ये गिरावट 21,700 तक बढ़ सकती है। ऊपर की ओर 22,160 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।
निफ्टी के लिए 21974 - 21930 के जोन में सपोर्ट
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी ने आज डेली चार्ट पर एक एनगल्फिंग बियर कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है। अब जब तक निफ्टी आज के 22249 के हाई को पार नहीं कर जाता इसमें कमजोरी बनी रहेगी। शॉर्ट टर्म में निफ्टी में कंसेलीडेशन देखने को मिल सकता है। निफ्टी के लिए 21974 - 21930 के जोन में सपोर्ट है।
बैंक निफ्टी 46500-47500 के बड़े रेंज में अटका
एलकेपी सिक्योरिटीज के कुणाल शाह का कहना है कि बैंक निफ्टी इंडेक्स ने वीकली क्लोजिंग के दौरान एक वोलेटाइल ट्रेडिंग सेशन का सामना किया। इसको 47300 के स्तर के आसपास रजिस्टेंस से निपटना पड़ा। वर्तमान में ये 46500-47500 के बड़े रेंज में अटका हुआ है। बैंक निफ्टी जब तक 47300 की बाधा को पार नहीं कर लेता इसमें नई तेजी उम्मीद नहीं है। इसके लिए 46800 पर तत्काल सपोर्ट है। इस सपोर्ट के टूटने पर बिक्री का दबाव तेज हो सकता है और इंडेक्स 46500 तक फिसल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।