Market outlook: 26 जून के वोलेटाइल कारोबारी सत्र में, भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स कल की क्लोजिंग के मुकाबले मामूली बदलाव के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 9.37 अंकों की गिरावट के साथ 62970 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 25.70 अंक या 0.14 फीसदी बढ़कर 18691.20 के स्तर पर बंद हुआ। मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के बीच, बाजार मामूली बढ़त के साथ खुला था। पूरे कारीबारी दिन के दौरान इसमें सुस्ती देखी गई। हालांकि, मेटल, ऑटो, फार्मा और एफएमसीजी शेयरों में आई खरीदारी से इंट्राडे घाटे की भरपाई में कुछ मदद मिली।
एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन और कोल इंडिया आज निफ्टी के टॉप लूजर रहे। जबकि सिप्ला, हीरो मोटोकॉर्प, अदानी एंटरप्राइजेज, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और डिविस लेबोरेटरीज निफ्टी के टॉप गेनरों में रहे।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया, आदित्य बिड़ला कैपिटल और मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर में लॉन्ग बिल्ड-अप देखने को मिला, जबकि श्री सीमेंट्स, अपोलो टायर्स और एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज में एक शॉर्ट बिल्ड-अप देखने को मिला। आज के कारोबार में बीएचईएल, श्री सीमेंट और सन फार्मा के ट्रेडिंग वॉल्यूम में 400 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त देखने को मिली।
बीएसई पर एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अरबिंदो फार्मा, फोर्स मोटर्स, सूर्या रोशनी, ट्रेंट, लैंडमार्क कार्स, एंजेल वन, एसजेवीएन, टैलब्रोस ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स, वंडरला हॉलीडेज, वी-गार्ड इंडस्ट्रीज सहित 100 से ज्यादा शेयरों ने अपना 52-वीक हाई हिट किया।
27 जून को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
कोटक सिक्योरिटीज के श्रीकांत चौहान का कहना है कि कमजोर एशियाई और यूरोपीय संकेतों ने घरेलू बाजार पर भी निगेटिव असर डाला। ग्लोबल बाजार घरेलू रुझान तय कर रहे हैं और निवेशक भारी अनिश्चितता के समय में खरीदारी करने की जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं। तकनीकी रूप से देखें तो शॉर्ट टर्म करेक्शन के बाद निफ्टी 18650 या 20-डे एसएमए (सिंपल मूविंग एवरेज) के अहम सपोर्ट के करीब दायरे में घूम रहा है। डे ट्रेडर्स के लिए 18725 पर रजिस्टेंस है जबकि 18650 पर सपोर्ट है। 18725 से ऊपर जाने पर निफ्टी में 18800-18820 तक की एक ताज़ा अपट्रेंड रैली देखने को मिल सकती है। दूसरी ओर, 18650 के नीचे जाने पर बिकवाली का दबाव बढ़ने की संभावना है और निफ्टी 18600-18550 तक फिसल सकता है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के दीपक जसानी का कहना है कि 26 जून को निफ्टी 76 अंकों की रेंज में रहा और हल्की बढ़त लेकर बंद होने से पहले बार-बार चढ़ा और गिरा। अंत में, निफ्टी 0.14 फीसदी या 25.7 अंक ऊपर 18691.2 पर बंद हुआ। एनएसई पर वॉल्यूम हालिया औसत से कम था। ग्लोबल बाजारों में सुस्ती रही। जबकि रूसी भाड़े के सैनिकों द्वारा किए गए विद्रोह के खत्म होने बाद सोने में तेजी आई। वीकली चार्ट पर बियरिश फॉर्मेशन के बाद निफ्टी में गिरावट नहीं आई। अगले करेक्शन के पहले बाजार में थोड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। निफ्टी के लिए 18646 और उसके बाद 18555 पर सपोर्ट है जबकि 18756-18771 के बैंड में शॉर्ट टर्म में रजिस्टेंस दिख रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।