Market Today: बाजार ने आज पिछले सप्ताह की तेजी को जारी रखा। 24 मार्च को 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ निफ्टी 23700 के स्तर पर पहुंच गया। तमाम सेक्टरों में आई खरीदारी और राष्ट्रपति ट्रम्प की टैरिफ योजना में नरमी की उम्मीद ने भी बाजार में तेजी को प्रोत्साहित किया। बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी इंडेक्स 6 फरवरी के बाद पहली बार 78,000 और 23,700 को पार कर गए। बाजार ने आज मजबूती के साथ शुरुआत की और निफ्टी 23,500 के पार चला गया। आज लगातार छठे कारोबारी सत्र में बढ़त जारी रही। बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई और दिन चढ़ने के साथ खरीदारी भी बढ़ी। लेकिन अंतिम घंटे में आई बिकवाली ने इंट्राडे की बढ़त को कुछ हद तक सीमित कर दिया।
कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 1,078.87 अंक या 1.4 फीसदी बढ़कर 77,984.38 पर और निफ्टी 307.95 अंक या 1.32 फीसदी बढ़कर 23,658.35 पर पहुंच गया। सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। बैंक, कैपिटल गुड्स, आईटी, तेल एवं गैस, पावर, रियल्टी, पीएसयू बैंक 1-3 फीसदी तक बढ़े। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्सों में 1 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी, एसबीआई, पावर ग्रिड कॉर्प और टेक महिंद्रा निफ्टी के टॉप गेनर रहे। जबकि एमएंडएम, टाइटन कंपनी, इंडसइंड बैंक, ट्रेंट और भारती एयरटेल निफ्टी के टॉप लूजर रहे।
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की भारतीय इक्विटी बाजारों में वापसी बाजार में तेजी बढ़ाने वाले तमाम कारकों में से एक है। पिछले हफ्ते इंडेक्स फ्यूचर्स सेगमेंट में FIIs द्वारा भारी शॉर्ट कवरिंग की गई जिससे बेंचमार्क इंडेक्सों में अच्छी तेजी देखने को मिली। हालांकि, 68 फीसदीअभी भी शॉर्ट साइड पर बने हुए हैं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के प्राइम रिसर्च हेड देवर्ष वकील को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में FIIs की शॉर्ट कवरिंग गतिविधियां जारी रहेंगी,जो बाजार की तेजी के लिए अच्छा संकेत है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का ये भी कहना है कि बाजारों में दिख रही तेजी के बावजूद सावधानी बरतने की जरूरत है। जियोजित इन्वेस्टमेंट सर्विसेज के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटजिस्ट वी के विजयकुमार का कहना है कि निवेशकों को सावधान रहना होगा। 2 अप्रैल, 2025 का अमेरिकी जैसे को तैसा टैक्स दिवस नजदीक आ रहा है और इसे लेकर बहुत बड़ी अनिश्चितता बनी हुई है । निवेशकों को कोई निवेश फैसला लेने से पहले रिसीप्रोकल टैक्स के बारे में स्पष्टता आने का इंतजार करना चाहिए।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे का कहना है कि निफ्टी में आज भी तेजी देखने को मिली है। निफ्टी आज 23,600 के रजिस्टेंस स्तर से ऊपर चला गया। आरएसआई एक बुलिश क्रॉसओवर में है। इसके साथ ही निफ्टी पिछले तीन दिनों से 50 ईएमए से ऊपर बनी हुई है। ये पॉजिटिव संकेत है। शॉर्ट टर्म में निफ्टी जब तक 23,500 के ऊपर बना रहेगा इसमें तेजी बनी रहेगी। वहीं, 23,500 से नीचे जाने पर बाजार में एक छोटा करेक्शन आ सकता है।
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि बाजार में लगातार छठे दिन बुल्स ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। निफ्टी 50 ने अपनी बढ़त को जारी रखा और 307.95 अंकों की बढ़त के साथ 23,658.35 पर बंद हुआ। सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए, बैंकिंग इंडेक्स तेजी को लीड करते नजर आए। उसके बाद रियल्टी और एनर्जी सेक्टर में भी अच्छी तेजी रही। मिड और स्मॉलकैप शेयरों ने काफी हद तक फ्रंटलाइन इंडेक्स के साथ ही कदमताल किया।
डेली चार्ट पर एक और बुलिश कैंडल बनने के साथ, इंडेक्स अब काफी ज्यादा ओवरबॉट जोन में प्रवेश कर गया है और 23,800 के अपने पिछले स्विंग हाई के करीब पहुंच गया है। यह लेवल अब निफ्टी के लिए तत्काल रेजिस्टेंस के रूप में कार्य कर सकता है। नीचे की ओर, 23,400 अमम सपोर्ट बन गया है। इस तरह की तेज एकतरफा रैली के बाद, एक करेक्शन की संभावना दिख रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।