Stock market: निफ्टी अंततः अपने पिछले ऑल टाइम हाई को पार करने में कामयाब रहा। जून एक्सपायरी के दिन (28 जून) निफ्टी 19000 की बड़ी बाधा को पार कर गया। सेंसेक्स ने 22 जून को बने 63601.71 के अपने पिछले हाई को पार करके एक नया रिकॉर्ड स्तर भी दर्ज किया। बाजार आज रिकॉर्ड स्तर पर खुला और जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा तेजी बढ़ती गई। इंट्राडे आधार पर निफ्टी और सेंसेक्स 19011.25 और 64050.44 की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 499.39 अंक या 0.79 फीसदी बढ़कर 63915.42 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 154.70 अंक या 0.82 फीसदी चढ़कर 18972.10 पर बंद हुआ।
अदानी एंटरप्राइजेज, अदानी पोर्ट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज ऑटो और टाटा मोटर्स निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। जबकि एचडीएफसी लाइफ, टेक महिंद्रा, हीरो मोटोकॉर्प, अपोलो हॉस्पिटल्स और एमएंडएम निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी ऊपर बंद हुआ है, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स सपाट नोट पर बंद हुआ है। मेटल, पावर, फार्मा और कैपिटल गुड्स प्रत्येक में 1 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। आज के कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे रंग में बंद हुए हैं।
बुधवार की बाजार रैली ने निवेशकों की संपत्ति में 2.2 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। आज बीएसई-लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप पिछले कारोबारी सत्र के 292.13 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 294.33 लाख करोड़ रुपये हो गया।
29 जून को बकरीद के अवसर पर बाजार बंद रहेगा।
अदानी एंटरप्राइजेज, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन और अदानी पोर्ट्स में लॉन्ग बिल्ड-अप देखने को मिला, जबकि इंडियामार्ट इंटरमेश, टाटा केमिकल्स और वोडाफोन आइडिया में शॉर्ट बिल्ड-अप देखने को मिला। हिंदुस्तान कॉपर, आरबीएल बैंक और टोरेंट फार्मा के वॉल्यूम में 200 फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली। बीएसई पर आज 150 से ज्यादा शेयरों ने अपने 52-हफ्ते के उच्चतम स्तर को छुआ। इनमें डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, अरबिंदो फार्मा, टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स, जिंदल सॉ, ज़ाइडस लाइफसाइंसेज, सूर्या रोशनी, शक्ति पंप्स, टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग, एचबीएल पावर सिस्टम्स, टाटा मोटर्स ,एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो और जेएसडब्ल्यू स्टील के नाम शामिल हैं।
30 जून को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के दीपक जसानी का कहना है कि 28 जून को निफ्टी लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली और आज इसने नई ऊंचाई हासिल की। अंत में ये 0.82 फीसदी या 154.7 अंक बढ़कर 18972.1 पर बंद हुआ। मंथली एफएंडओ एक्सपायरी के दिन एनएसई पर वॉल्यूम हाल के औसत से अधिक था। हालांकि ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी की तुलना में कम बढ़त देखने को मिली है।
बुधवार को ग्लोबल बाजार में भी तेजी रही। अमेरिका से आए अच्छे आर्थिक समाचारों ने ग्लोबल ग्रोथ से जुड़ी चिंता को कम कर दिया है। बाजार की मौजूदा तेजी आगे भी जारी रह सकती है। मौजूदा तेजी जारी रह सकती है। शॉर्ट टर्म में निफ्टी के लिए 19000-19200 के बैंड में अगला रजिस्टेंस हो सकता है। किसी करेक्शन की स्थिति में निफ्टी के लिए 18646 का सपोर्ट दिख रहा है।
कोटक सिक्योरिटीज के श्रीकांत चौहान का कहना है कि बेंचमार्क इंडेक्स ने आज नया हाई लगाया। इंट्रा डे में निफ्टी 19011.25 पर और सेंसेक्स 64050.44 पर पहुंच गया। मेटल और फार्मा सेक्टर ने 1.5 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। तकनीकी रूप से देखें तो सूचकांक ने एक ब्रेकआउट फॉर्मेशन और एक बुलिश कैंडल बनाया जो आगे तेजी बने रहने का संकेत है।
ट्रेंड डिसाइडर के रूप में ट्रेडर्स की नजर 18,900/63,700 के स्तर पर बारीकी से बनी रहेगी। इस स्तर से ऊपर, इंडेक्स 19,100-19,150/64,300-64,400 तक बढ़ सकता है। वहीं, 18,900/63,700 के नीचे जाने पर सावधानी बरतने की सलाह होगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।