Stock market : बाजार में आज 20 फरवरी को लगातार 6वें दिन तेजी देखने को मिली है। निफ्टी आज पहली बार 22,200 के पार जाता दिखा। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 349.24 अंक या 0.48 फीसदी की तेजी लेकर 73,057.40 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 74.70 अंक या 0.34 फीसदी की बढ़त के साथ 22,197.00 पर बंद हुआ था। आज लगभग 1661 शेयर बढ़े, 1667 शेयर गिरे और 65 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुए हैं।
आज के कारोबारी सत्र में पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और कोटक महिंद्रा बैंक टॉप गेनर रहे। जबकि हीरो मोटोकॉर्प, कोल इंडिया, बजाज ऑटो, आयशर मोटर्स और टीसीएस टॉप लूजर रहे। अलग-अलग सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो बैंक, मीडिया, पावर और रियल्टी में 0.8-2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जबकि ऑटो, आईटी, मेटल में लगभग एक फीसदी की गिरावट आई है।
21 फरवरी को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
एलकेपी सिक्योरिटीज के कुणाल शाह का कहना है कि बैंक निफ्टी पर बुल्स ने अपना दबदबा बनाए रखा और आज ये इंडेक्स 47000 के स्तर से ऊपर बंद हुआ। ये एक मजबूत खरीद मोड का संकेत है। बैंक निफ्टी के लिए अब 46700 पर तत्काल सपोर्ट है। इसकी पुष्टि ताजा पुट राइटिंग से होती है। अनुमान है कि बैंक निफ्टी 48000 के शॉर्ट टर्म लक्ष्य तक पहुंच जाएगा। किसी भी गिरावट को खरीदारी के अवसर के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए।
एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि डेली चार्ट पर एक कंसोलीडेशन ब्रेकआउट के बाद निफ्टी में तेजी जारी है। इसका ट्रेंड मजबूत बना हुआ है क्योंकि इसने खुद को डेली टाइम फ्रेम पर 22000 के मनोवैज्ञानिक लेवल और 21ईएमए दोनों से ऊपर बनाए रखा है। ऊपरी स्तरों पर एक बार इंडेक्स के निर्णायक रूप से 22200 अंक को पार कर जाने पर यह 22400/22600 की ओर बढ़ सकता है। निचले सिरे पर 22000 पर सपोर्ट दिख रहा है।
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि अधिकांश समय एक दायरे में घूमने के बाद दिग्गज शेयरों में देर से आए उछाल ने निफ्टी को 74.70 अंकों की बढ़त के साथ 22,196.95 के एक और रिकॉर्ड हाई पर क्लोजिंग करने में सहायता दी। निफ्टी ने आज एक बुलिश कैंडल के साथ असेंजिंग ट्राइएंगल फॉर्मेशन से ब्रेकआउट दिया है। इस पैटर्न के मुताबिक अब इसका लक्ष्य 23,120 दिख रहा है।
आज के कारोबार में बैंक निफ्टी ने न केवल अपनी 50DMA की बाधा को पार कर लिया है, बल्कि 46,580 के रजिस्टेंस को भी पार कर लिया है। अब, इसके लिए अगला रजिस्टेंस 47,730 पर दिख रहा है। जबकि नीचे की तरफ पर 46,340 पर सपोर्ट है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।