अब किन ट्रिगर्स पर चलेगा मार्केट और किन शेयरों में हैं तगड़े एक्शन के संकेत ? इन मुद्दों पर बात करते हुए Kedianomics के फाउंडर सुशील केडिया ने सीएनबीसी-आवाज पर अपने निवेश मंत्र दिए। सुशील का कहना है कि यहां से लेकर इलेक्शन तक बाजार में घूम फिर कर तेजी बनी रहेगी। इस दौरान निफ्टी 23500 तक जा सकता है। इस अवधि में अलग-अलग सेक्टर रोटेट करते रहेंगे। इस बीच शॉर्ट सेलिंग के मौके भी मिलेगा। कुछ शेयर चलेंगे कुछ में करेक्शन आएगा। ये स्विंग ट्रेड और सेक्टर रोटेशन में बहुत पैसे बनाने का भी बाजार है। एक बात साफ है कि जिसने 2023 में पैसे नहीं बनाए और 2024 में भी पैसे नहीं बना पाता है तो उसे शेयर बाजार छोड़ देना चाहिए। ये मनी मेकिंग मार्केट है। बाजार में पैसा बरस रहा है और आगे भी बरसेगा।
4000 रुपए तक जा सकता है लार्सन एंड ट्यूब्रो
अपने राकेट शेयरों पर बात करते हुए सुशील ने कहा कि लार्सन एंड ट्यूब्रो ने एक करेक्शन दे दिया। अब यहां से जो नई चाल शुरू होगी वो स्टॉक को करीब 25 फीसदी की उछाल के साथ वर्तमान 3200 रुपए से 4000 रुपए तक ले जा सकती है।
बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व में भी इस समय कमाई के मौके
इसके अलावा बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व में भी इस समय कमाई के मौके दिख रहे हैं। बजाज फाइनेंस जल्द ही 7800 रुपए तक जा सकता है। बजाज फिनसर्व में भी ऐसी ही तेजी देखने को मिल सकती है। आईटीसी ने भी बॉटम बनाना शुरू कर दिया है। इसमें भी यहां से 20 फीसदी की तेजी देखने को मिल सकती है। स्टॉक वापस से 480 रुपए का स्तर छू सकता है। अगर आईटीसी ने 480 रुपए का स्तर पार कर लिया तो यह 550 रुपए तक भी जा सकता है।
एयू बैंक में वापस से 825 रुपए की चाल शुरू
इसके अलावा नतीजों के सीजन में खराब रिजल्ट के चलते जो शेयर टूट गए थे उनमें से कई में फिर से तेजी की संभावना बन रही है। एयू बैंक में वापस से 825 रुपए की चाल शुरू हो गई है। घूम फिर कर इस समय बाजार में शॉर्ट सेलिंग करके सिर्फ हमारे इस अंहकार की तुष्टि हो सकती है कि हमें बहुत ज्यादा चार्ट देखना आता है। लेकिन 90 फीसदी पैसा आज भी इस बाजार में अब तक काफी पिट चुके शेयरों में खरीदारी करके ही आएगा। ऐसे में सलाह यही होगी की मंदी को छोड़ो खरीदारी के सौदे खोजो।
अदाणी और रिलायंस के शेयर बाजार की पगदंडी पर खड़े हाथी
सुशील का कहना है कि अदाणी पोर्ट में यहां से 250-300 रुपए का करेक्शन आ सकता है। रिलायंस में भी अब 8-10 दिन में 250-300 रुपए का करेक्शन आ सकता है। रिलायंस का स्टॉक 3300 रुपए तक जा सकता है। इन दोनों में करेक्शन से घबराने की जरूरत नहीं है। इनमें करेक्शन आने से आपको 70-80 दूसरे शेयरों में तेजी करने के मौके मिलेंगे। क्योंकि अदाणी और रिलायंस के शेयर बाजार की पगदंडी पर खड़े हाथी हैं। इनके किनारे होने पर दूसरे शेयरों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)