Stock markets: कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन बाजार में तेजी रही। आज 19 मई को बाजार नीचे से सुधरकर बंद हुआ। आज सबसे ज्यादा खरीदारी बैंकिंग शेयरों में रही। इसके अलावा IT, रियल्टी और ऑटो शेयरों में भी तेजी देखी गई। मेटल, इंफ्रा, PSU बैंक इंडेक्स बढ़कर बंद हुए हैं। वहीं, फार्मा और PSE शेयरों पर दबाव देखने को मिला है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 297.94 अंक यानी 0.48 फीसदी बढ़कर 61729.68 पर और निफ्टी 73.40 अंक या 0.40 फीसदी बढ़कर 18203.40 पर बंद हुआ है। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स आज फ्लैट बंद हुए हैं। मिडकैप 20 अंक गिरकर 32550 पर बंद हुआ है। जिसके चलते आज मार्केट ब्रेड्थ कमजोर रही है। लगभग 1587 शेयर में बढ़त देखने को मिली है। जबकि 1759 शेयर गिरे हैं। 139 शेयरों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।
आज के कारोबार में निफ्टी के 50 में से 30 शेयरों में तेजी रही। वहीं, सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयरों में बढ़त देखने को मिली। निफ्टी बैंक के 12 में से 10 शेयरों में तेजी रही। उधर डॉलर के मुकाबले रुपया आज 6 पैसे कमजोर होकर 82.66 के स्तर पर बंद हुआ है।
अडानी पोर्ट्स, अदानी एंटरप्राइजेज, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा और इंफोसिस निफ्टी के टॉप गेनर्स में रहे। जबकि डिविस लेबोरेटरीज, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, एनटीपीसी और ओएनजीसी निफ्टी के टॉप लूजरों में रहे। सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो आईटी इंडेक्स में 1.4 फीसदी तो ऑटो, बैंक और रियल्टी में 0.5 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। हालांकि, फार्मा इंडेक्स में 1 फीसदी की गिरावट आई।
जानिए 22 मई को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
एमके वेल्थ मैनेजमेंट के डॉ. जोसेफ थॉमस के मुताबिक मंदी के बढ़ते डर और सुस्त ग्लोबल ग्रोथ के पूर्वानुमान के चलते ग्लोबल मार्केट दबाव में हैं। लेकिन घरेलू इक्विटी मार्केट में हाल के दिनों में अच्छा जोश देखने को मिला है। अमेरिकी में ऋण सीमा में बढ़त के मुद्दे पर भी दुनिया भर के बाजारों की नजरें लगी हुई हैं। इस बीच भारतीय बाजारों में विदेशी निवेशकों की रुचि बढ़ी है। इससे बाजार को कुछ सपोर्ट मिला है। हालांकि यूएस में हो रही घटनाओं का असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ेगा। लेकिन ये असर बहुत लंबे समय तक नहीं रहेगा। इसके चलते बाजार में शॉर्ट टर्म में कुछ वोलैटिलिटी देखने को मिल सकती है। निकट की अवधि में बाजार की नजरें नए घरेलू और ग्लोबल इकोनॉमिक आंकड़ों पर रहेंगी और ये साइडवेज कारोबार करता दिखेगा।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सिद्धार्थ खेमका का कहना है कि बाजार में आज ऊपरी स्तरों पर कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली। लेकिन इसका ओवरऑल ट्रेंड मजबूती का ही है। हर गिरावट में खरीदारी की जा रही है। अच्छे ग्लोबल संकेत, मजबूत नतीजों और एफआईआई की लगातार खरीदारी से बाजार को मदद मिल रही है। उम्मीद है कि इस सप्ताह विराम लेने के बाद बाजार फिर से ऊपर की ओर रुख करेगा।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी में आज उतार-चढ़ाव भरा दिन रहा। निफ्टी तेजी के साथ खुला और कारोबारी सत्र के पहले आधे भाग के दौरान लाल रंग में फिसल गया। नीचे की ओर 20-डे मूविंग एवरेज या 18108 के स्तर पर निफ्टी ने सपोर्ट लिया और यहां से ऊपर की तरफ वापसी की। जिसके चलते आज निफ्टी लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद हरे रंग में बंद होने में कामयाब रहा। ऑवरली मोमेंटम इंडीकेटर पर दिख रहा पॉजिटिव डाइवर्जेंस गिरावट थमने के संकेत दे रहा है। अब अगले कुछ कारोबारी सत्रों में निफ्टी में तेजी देखने को मिल सकती है। निफ्टी के लिए अहम लेवल्स की बात करें 18300 - 18350 पर तत्काल बाधा दिख रही है जबति 18100 - 18050 पर सपोर्ट दिख रहा है। कुल मिलाकर अभी भी लगता है कि निफ्टी कंसोलीडेशन के मोड में है और आगे यह 18000 –18400 के जोन में कंसोलीडेट होता दिख सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।