Stock market:आज जनवरी सीरीज एक्सपायरी के दिन बाजार में कमजोरी रही। 25 जनवरी को सेंसेक्स, निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। आज सबसे ज्यादा गिरावट बैंकिंग, मेटल, इंफ्रा इंडेक्स में रही। IT,फार्मा और FMCG शेयरों में भी दबाव रहा। वहीं एनर्जी, PSE और रियल्टी इंडेक्स बढ़त पर बंद हुए। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली रही। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 360 अंक गिरकर 70,701 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 101 अंक गिरकर 21,353 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी 216 अंक गिरकर 44,866 पर बंद हुआ। मिडकैप 215 अंक गिरकर 47,209 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयरों में बिकवाली रही। वहीं, निफ्टी के 50 में से 34 शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। बैंक निफ्टी के 12 में से 8 शेयरों में बिकवाली रही। डॉलर के मुकाबले रुपया आज बिना बदलाव के 83.12 के स्तर पर बंद हुआ।
29 जनवरी को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
मेहता इक्विटीज के प्रशांत तापसे का कहना है कि बजट से पहले बाजार में नकारात्मक रुझान के साथ काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। निवेशकों ने एक्सपायरी वाले दिन मुनाफावसूली की है। घरेलू इक्विटी बाजार से विदेशी फंडों की लगातार निकासी से पिछले एक हफ्ते से सेंटीमेंट पर निगेटिव असर पड़ा है। एफआईआई ने जनवरी में अब तक 33,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिकवाली की है। तीसरी तिमाही के अब तक मिलेजुले नतीजे, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़त और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी निवेशकों को निकट अवधि की संभावनाओं को लेकर परेशान कर रही है।
टेक्निकल नजरिए से देखें तो निफ्टी के लिए 21,400 अंक पर तत्काल रजिस्टेंस दिख रहा है। कमजोरी के संकतों को देखते हुए लगता है कि निफ्टी अंततः 21,100 और 21,000 तक नीचे जा सकता है। अगर ये 21000 के स्तर को भी तोड़ देता है तो हमें इसमें 20900-20500 के स्तर तक की गिरावट दिख सकती है। वर्तमान ट्रेंड में कोई भी बदलाव तभी होगा जब निफ्टी 21,500 अंक को पार कर जाएगा।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि बैंकिंग शेयरों पर दिख रहा मौजूदा दबाव काफी हद तक भावनाओं पर असर डाल रहा है। हालांकि दूसरे सेक्टरों के चुनिंदा शेयरों में आई खरीदारी ने अभी तक नुकसान को सीमित रखा है। यह विरोधाभाषी ट्रेंड बाजार में कंसोलीडेशन होने के संकेत दे रहा है। ऐसे में जब तक बाजार की दिशा साफ न हो तब तक ट्रेडर्स को स्टॉक चयन और ट्रेड मैनेजमेंट पर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।