Market Trade setup : टैरिफ के कारण बनी अनिश्चितता के बीच निफ्टी 50 इंडेक्स में एक बार फिर सीमित दायरे में कारोबार होता दिखा। टैरिफ से संबंधित किसी ट्रिगर से बाजार को नई दिशा मिल सकती है। आरबीआई की नीति के बाद 9 अप्रैल को निफ्टी 0.6 फीसदी गिरकर बंद हुआ। इंडिया VIX 20 अंक से ऊपर चला गया। जबकि निफ्टी सभी प्रमुख ईएमए से नीचे और बोलिंगर बैंड की मध्य रेखा से काफी नीचे रहा। यह बाजार में कमजोरी का संकेत है। हालांकि,मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बुधवार को ट्रंप ने चीन को छोड़कर सभी ट्रेड भागीदारों के लिए 90 दिनों के लिए रिसीप्रोकल टैरिफ को रोकने का फैसला किया है। इससे बाजार तेजी लौटने की उम्मीदें बढ़ी हैं। तकनीकी रूप से देखें तो ऊपरी स्तर पर, निफ्टी 50 को 22,850 पर रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है,उसके बाद 23,200-23,400 के जोन में अगली बाधा है। इसके ऊपर जाने पर तेजड़ियों को मजबूती मिल सकती है। हालांकि 22,250-22,000 के जोन में सपोर्ट दिख रहा है।
