Market Trend : भारतीय बेंचमार्क इंडेक्सों ने शुरुआती नुकसान की भरपाई कर ली है और अब ये बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स 569.46 अंक या 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 79,879.47 पर है,जबकि निफ्टी 109.30 अंक या 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,645.90 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्सों में 1-1 प्रतिशत की गिरावट आई है। सेक्टर्स की बात करें तो IT इंडेक्स में 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी है, जबकि एनर्जी, मेटल और रियल्टी सेक्टर्स में 1-1 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिल रही है।
मुश्किल ग्लोबल आर्थिक हालात के बावजूद भारत के मैक्रो आंकड़े काफी मजबूत
TCG AMC के MD और CEO शहज़ाद मैडन का कहना है कि एनर्जी की ऊंची कीमतें, AI से जुड़ा रुझान, करोंसी में कमजोरी और हाल तक हुई FII की निकासी, ये सभी भारतीय बाजार पर बड़ा दबाव बनाए हुए थे। अब यह दबाव कम हो रहा है और मैक्रो नजरिए से देखा जाए तो सबसे बुरा दौर शायद पीछे छूट चुका है। फाइनली बाजार का प्रदर्शन फंडामेंटल्स और अर्निंग्स से तय होगा। मुश्किल ग्लोबल आर्थिक हालात के बावजूद भारत के मैक्रो आंकड़े काफी मजबूत बने रहे हैं और पिछले तीन तिमाहियों में भारतीय कॉरपोरेट जगत के नतीजे भी शानदार रहे हैं। इससे भविष्य में मजबूत ग्रोथ की नींव तैयार होनी चाहिए।
निवेशकों के लिए यह निकट अवधि की अनिश्चितताओं से परे देखने और फंडामेंटल्स पर फोकस करने का एक अवसर है। बाजार में पिछले दो सालों के कमजोर प्रदर्शन के बाद अब वैल्यूएशन काफी अच्छे स्तर पर आ गए हैं, जबकि कंपनियों की कमाई लगातार बढ़ती रही है। ऐसे में रिस्क-रिवॉर्ड का अनुपात अब और भी बेहतर हो गया है।
फाइनेंशियल,टेक और ऑटो शेयरों में अभी और ऊपर जाने की गुंजाइश
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजिस्ट वी के विजयकुमार ने कहा कि अमेरिकी बाजारों में आए भारी गिरावट का असर बाकी ज्यादातर बाजारों पर भी पड़ेगा,लेकिन भारत पर इसका असर सबसे कम रहने की संभावना है। नैस्डैक में 5.6% की भारी गिरावट की वजह डेटा सेंटर पर होने वाले खर्च में बड़ी कमी की आशंका है,क्योंकि डेमोक्रेट्स डेटा सेंटर में भारी निवेश के खिलाफ हैं।
टेक शेयरों में आई यह गिरावट और खासकर AI से जुड़े कारोबार में आई सुस्ती,भारत के लिए फायदेमंद साबित होगी। यह ध्यान देने वाली बात है कि पिछले पांच कारोबारी दिनों में FIIs ने 35,781 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। DIIs द्वारा बिकवाली और मुनाफावसूली के बावजूद, बाजार के मजबूत बने रहने की उम्मीद है, क्योंकि ग्लोबल बाजार के बदले हुए माहौल में भी FIIs की खरीदारी जारी रहेगी।
यह समझना जरूरी है कि बाजार में चल रही इस तेजी को शानदार अर्निंग ग्रोथ का मज़बूत आधार मिला है। अर्निंग ग्रोथ उम्मीद से कहीं बेहतर रही है। निवेशकों को यह बात समझनी चाहिए कि इस तेजी के पीछे लार्ज-कैप शेयरों का बड़ा हाथ है, जो अब आकर्षक वैल्यूएशन पर आ गए थे। ध्यान दें कि कल जहां सेंसेक्स में 2.6% की तेजी आई,वहीं स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में केवल 0.67% की मामूली बढ़त दिखी। इससे साफ पता चलता है कि पैसा कहां जा रहा है। फाइनेंशियल,टेक और ऑटो शेयरों में अभी और ऊपर जाने की गुंजाइश है।
चकाचक चार्ट वाले शेयर बताने के लिए हमारे साथ जुड़े हैं www.rajeshsatpute.com के राजेश सातपुते। इनकी आज TORRENT PHARMA फ्यूचर्स में 4700 रुपए के ऊपर, 4650 रुपए के स्टॉप- लॉस के साथ, 4800 - 4825 रुपए के टारगेट के लिए खरीदारी की सलाह है। APL APOLLO फ्यूचर्स में भी इनकी 2170 रुपए के ऊपर, 2140 रुपए के स्टॉप- लॉस के साथ, 2250 -2280 रुपए के टारगेट के लिए खरीदारी की सलाह है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।