मारुति सुजुकी इंडिया ने चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में और 20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है। बढ़ी हुई कीमतें इसी महीने यानि कि सितंबर से लागू होंगी। यह इस साल मई के बाद कंपनी की ओर से कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी है। मारुति सुजुकी ने इसके लिए बढ़ती लागत और महंगाई के दबाव को जिम्मेदार ठहराया है। इससे पहले कंपनी ने दो बार जो बढ़ोतरी की थी, वह उसके सभी मॉडल पर लागू हुई थी।
मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर बाजार को बताया है, ‘‘कच्चे माल की लागत में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए कंपनी ने चुनिंदा मॉडलों की कीमतें 20,000 रुपये तक बढ़ाने का फैसला किया है। कीमतों में यह बढ़ोतरी सितंबर 2026 से प्रभावी होगी।’’ कंपनी ने कहा कि वह पिछले कुछ महीनों से लागत घटाने के उपायों के जरिए बढ़ी हुई लागत के असर को जितना हो सके कम करने के लिए लगातार कोशिश कर रही है।
मारुति सुजुकी इंडिया के मुताबिक, ‘‘हालांकि, महंगाई का दबाव ऊंचे स्तर पर बना हुआ है और लागत का प्रतिकूल माहौल भी कायम है। ऐसे में कंपनी बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा बाजार पर डालने के लिए मजबूर है। लेकिन साथ ही, यह सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है कि ग्राहकों पर इसका असर न्यूनतम रहे।’’
अगस्त में 0.5 प्रतिशत बढ़ाई थी कीमत
मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी सभी गाड़ियों की कीमतों में अगस्त महीने में औसतन लगभग 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। इस प्राइस हाइक के तहत मारुति सुज़ुकी की कारें अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से 2,500 से 30,000 रुपये तक महंगी हुईं। इससे पहले कंपनी ने जून 2026 में भी कारों की कीमत बढ़ाई थी। उस वक्त भी कीमतें 30000 रुपये तक बढ़ाने की बात कही गई थी।
Maruti Suzuki India के शेयर में तेजी
मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर में 7 सितंबर को दिन में लगभग 1 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 12827.45 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर साल 2026 में अब तक 23 प्रतिशत नीचे आया है। शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 17,371.60 रुपये और एडजस्टेड लो 12,202.10 रुपये है। नोमुरा ने मारुति सुजुकी के लिए 14,071 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस बरकरार रखा है। नोमुरा ने अगस्त की प्राइस हाइक के बाद कहा था अगर कंपनी को अपने मार्जिन को बचाना है तो आगे कीमतें और बढ़ाने की जरूरत होगी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।