Maruti Suzuki Share: दिवाली के साथ ही फेस्टिव सीजन भी अब खत्म हो चुका है। रिकॉर्ड बिक्री वाले अक्टूबर माह के पीछे छूटने के बाद अब देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (MSI) की नजर शादियों पर है। कंपनी नवंबर में ‘‘कुछ लाख शादियों’ के बूते अपनी ग्रोथ की रफ्तार को कायम रखने की उम्मीद कर रही है। कंपनी के एक सीनियर अधिकारी ने यह बात कही है। मारुति सुजुकी के शेयरों में बीते शुक्रवार को 0.29 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 11112.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
अक्टूबर में कैसी रही मारुति की बिक्री
मारुति सुजुकी ने पिछले महीने 2,02,402 व्हीकल की खुदरा बिक्री दर्ज की, जो किसी भी साल में अक्टूबर में बिक्री का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। इसकी वजह त्योहारी मांग रही। इससे पहले अक्टूबर 2020 में कंपनी ने 1,91,476 व्हीकल बेचे थे।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन और बिक्री) पार्थो बनर्जी ने कहा, "हमें बताया गया है कि देशभर में नवंबर में ‘कुछ लाख’ शादियां होने वाली हैं। इसलिए पूरी उम्मीद है कि इससे हमें अपनी खुदरा बिक्री के मामले में भी अच्छी बढ़त मिलेगी।" वह इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या कंपनी अगले कुछ माह के दौरान त्योहारी सीजन की बिक्री की रफ्तार को कायम रख पाएगी।
क्या है मारुति सुजुकी का प्लान?
बनर्जी ने कहा, "हमें वास्तव में देखना होगा। लेकिन हमें लगता है कि इस बार नवंबर के महीने में काफी संख्या में शादियां हैं। शादियों के लिए दिनों की संख्या लगभग 11 या 12 दिन है जो अबतक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है।" त्योहारी सीजन के दौरान अच्छी बिक्री के बाद मारुति को चालू वित्त वर्ष में चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि के अपने अनुमान के हासिल होने की उम्मीद है।
बनर्जी ने आगे कहा, ‘‘अप्रैल से अक्टूबर की अवधि में खुदरा बिक्री के मामले में हमारी वृद्धि लगभग चार प्रतिशत रही है। अक्टूबर में हमारी वृद्धि 22.4 प्रतिशत है। इस साल की शुरुआत में हमने चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया था। मेरा मानना है कि हमारी वृद्धि इसी के अनुरूप रहेगी।’’
प्राइस हाइक पर कंपनी ने दिया ये अपडेट
बनर्जी ने कहा कि अक्टूबर में अच्छी बिक्री की वजह से कंपनी अपने बिक्री नेटवर्क में इन्वेंट्री के स्तर को कम करने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि हमने अपने नेटवर्क स्टॉक में 40,000 से अधिक यूनिट्स की कमी की है। अब हमारा नेटवर्क स्टॉक लगभग एक महीने का है। रियायतों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र और बाजार के मुताबिक अलग-अलग होता है। यह पूछे जाने पर कि क्या कंपनी जनवरी में मूल्य वृद्धि की योजना बना रही है, बनर्जी ने कहा, ‘‘हमारी वित्त टीम इसकी समीक्षा कर रही है और मेरे लिए इसपर टिप्पणी करना अभी जल्दबाजी होगा।’’
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।