Defence Stock: बजट डे यानी एक फरवरी को मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (Mazagon Dock), कोचीन शिपयार्ड (Cochin Shipyard) और गार्डन रीच शिपबिल्डर्स लिमिटेड (GRSE) के शेयरों में बिकवाली देखी गई। इन डिफेंस कंपनियों के शेयर अब अगले हफ्ते भी फोकस में रहने वाले हैं। दरअसल, ये पब्लिक सेक्टर की कंपनियां अगले हफ्ते FY25 की दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। ऐसे में इन शेयरों में एक बार फिर एक्शन देखने को मिल सकता है।
अगले हफ्ते आएंगे तिमाही नतीजे
मझगांव डॉक ने बताया है कि वह शुक्रवार, 7 फरवरी को अपने दिसंबर तिमाही के नतीजों की घोषणा करने जा रही है। सितंबर तिमाही के दौरान अपने पियर्स की तुलना में स्टॉक बेहतर प्रदर्शन करने वाला रहा। इसने मार्जिन विस्तार के साथ-साथ मजबूत रेवेन्यू और प्रॉफिट ग्रोथ की दर्ज की थी।
गार्डन रीच तीनों कंपनियों में से पहली कंपनी होगी जो सोमवार, 3 फरवरी को अपने नतीजे घोषित करेगी। अपने नतीजों के साथ-साथ, गार्डन रीच शेयरधारकों को अंतरिम डिविडेंड जारी करने पर भी विचार करेगी, जिसके लिए उसने पहले ही रिकॉर्ड डेट शुक्रवार, 7 फरवरी तय कर दी है। गार्डन रीच के शेयर की कीमत अपने पीक से आधी रह गई है।
कोचीन शिपयार्ड वर्तमान में एडिशनल सर्विलांस मेजर (ASM) फ्रेमवर्क के स्टेज 1 के तहत है। कंपनी गुरुवार 6 फरवरी को अपनी बोर्ड बैठक आयोजित करेगी, जिसमें इसके तिमाही नतीजों को मंजूरी दी जाएगी। यह स्टॉक अपने 2024 के पीक से लगभग आधा हो गया है।
Budget में बढ़ाया गया आवंटन
बता दें कि वित्त वर्ष 2026 के लिए डिफेंस बजट में 6.81 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 9.5 फीसदी अधिक है। कैपिटल एक्सपेंडिचर 1,92,387 करोड़ रुपये है, जबकि रेवेन्यू एक्सपेंडिचर 4,88,822 करोड़ रुपये है, जिसमें पेंशन के लिए 1,60,795 करोड़ रुपये शामिल हैं।
कैपेक्स के तहत एयरक्राफ्ट और एयरो इंजन के लिए 48,614 करोड़ रुपये और नौसेना बेड़े के लिए 24,390 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा, अन्य उपकरणों के लिए 63,099 करोड़ रुपये तय किए गए हैं। हालांकि, इसके बावजूद बजट डे पर सभी डिफेंस कंपनियों के शेयरों में बिकवाली देखी गई।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।