Mazagon Dock के शेयरों में 9% की शानदार तेजी, Q3 नतीजों के बाद लगातार दूसरे दिन दिखी खरीदारी

Mazagon Dock Share Price: दिसंबर 2024 तिमाही में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स की आय सालाना 33 फीसदी बढ़कर ₹3143 करोड़ हो गई, जिसका श्रेय मजबूत एग्जीक्यूशन को जाता है। इस दौरान कंपनी का मुनाफा 29% बढ़कर ₹807 करोड़ हो गया। मझगांव डॉक का एबिटा 51.4% बढ़कर ₹817 करोड़ हो गया

अपडेटेड Feb 10, 2025 पर 2:35 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Mazagon Dock Share: मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के शेयरों में आज 10 फरवरी को 9% तक की शानदार तेजी देखी गई।

Mazagon Dock share: मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के शेयरों में आज 10 फरवरी को 9% तक की शानदार तेजी देखी गई। हालांकि, यह तेजी बरकरार नहीं रह सकी। इस समय यह स्टॉक BSE पर 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ 2241.45 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। तीसरी तिमाही में मजबूत नतीजों के बाद आज लगातार दूसरे दिन कंपनी के शेयर हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। इस तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 90,415 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 2,929.98 रुपये और 52-वीक लो 898.55 रुपये है।

कैसे रहे Mazagon Dock के तिमाही नतीजे

दिसंबर 2024 तिमाही में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स की आय सालाना 33 फीसदी बढ़कर ₹3143 करोड़ हो गई, जिसका श्रेय मजबूत एग्जीक्यूशन को जाता है। इस दौरान कंपनी का मुनाफा 29% बढ़कर ₹807 करोड़ हो गया। मझगांव डॉक का एबिटा 51.4% बढ़कर ₹817 करोड़ हो गया, जबकि मार्जिन पिछले साल के 23% से 300 आधार अंक बढ़कर 26% हो गया।


कंपनी को इस तिमाही में ₹1,092 करोड़ के नए ऑर्डर मिले। ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज ने कहा, "कंपनी का ऑर्डर बैकलॉग मजबूत बना हुआ है, जो ₹34787 करोड़ (पिछले बारह महीनों की आय का 3.06 गुना) है। डिफेंस में शिपबिल्डिंग के साथ-साथ कमर्शियल शिपबिल्डिंग, निर्यात और शिप-रिपेयर में भी नए ऑर्डर की संभावनाएं मजबूत दिख रही हैं।"

ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि कंपनी के रेवेन्यू में बढ़ोतरी काफी हद तक उम्मीदों के मुताबिक रही। तिमाही के दौरान एग्जीक्यूशन मजबूत रहने की उम्मीद थी। कंपनी इस समय अधिकतम रेवेन्यू मान्यता के चरण से गुजर रही है, खासकर P-75 पनडुब्बी, P-17A फ्रिगेट और P-15B विध्वंसक जैसे अनुबंधों में।

Mazagon Dock का टारगेट प्राइस और ब्रोकरेज की राय

एक अन्य ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन ने कंपनी के प्रदर्शन को बेहतर बताते हुए अपना टारगेट प्राइस ₹2124 से बढ़ाकर ₹2262 कर दिया है। हालांकि, नए ऑर्डर मार्जिन ने ब्रोकरेज को सतर्क कर दिया है। जेपी मॉर्गन ने स्टॉक पर 'न्यूट्रल' रेटिंग दी है। जेपी मॉर्गन के अनुसार, कंपनी का दिसंबर तिमाही का प्रदर्शन मार्जिन उम्मीदों से बेहतर रहा, जिसमें बड़े ऑर्डर आने वाले हैं। हालांकि, इसने कहा कि ऑर्डर बुक स्थिर हो गई है और नए ऑर्डर पर मार्जिन कम हो सकता है।

विदेशी ब्रोकरेज ने कहा कि रेवेन्यू ग्रोथ मजबूत रही है, लेकिन अगर बड़े अवॉर्ड्स मिलने में देरी होती है तो यह अस्थायी रूप से धीमी हो सकती है। ब्रोकरेज ने कहा कि पनडुब्बियों और युद्धपोतों के लिए ऑर्डर आम तौर पर बड़े होते हैं और उन्हें पूरा होने में काफी समय लगता है। मझगांव डॉक पर कवरेज करने वाले पांच एनालिस्ट्स में से दो ने 'Buy' रेटिंग दी है, और दो अन्य ने 'Hold' की सिफारिश की है। इसके अलावा, एक ने बेचने का सुझाव दिया है। एनालिस्ट्स के मुताबिक इसमें लगभग 22% की तेजी की संभावना है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।