स्टॉक मार्केट्स अब भी अट्रैक्टिव दिख रहे हैं। हालांकि, कुछ महीनों में बाजार अगर आराम करता नजर आए तो आपको आश्चर्य नहीं करना चाहिए। ये बातें Motilal Oswal Private Wealth Management के सीईओ आशीष शंकर ने कही। मनीकंट्रोल से बातचीत में उन्होंने स्टॉक मार्केट्स और इनवेस्टमेंट्स को लेकर कई बातें बताईं। उन्होंने कहा कि अभी फ्लेक्सी-कैप फंड्स में पैसा लगाना सबसे फायदेमंद रहेगा। मार्केट में पिछले महीनों में आई तेजी के बारे में उन्होंने कहा कि इसकी वजह सिर्फ अच्छी लिक्विडिटी नहीं है बल्कि फंडामेंटल्स भी पहले से बेहतर हुए हैं।
एक साल पहले के मुकाबले बाजार 25 फीसदी सस्ता
उन्होंने कहा कि सितंबर 2021 में निफ्टी करीब 18,000 था। आज यह 19,400 है। इसका मतलब है कि आज 18,400 के मुकाबले फंडामेंटल बेसिस पर यह कम से कम 25 फीसदी सस्ता है। इस दौरान कमाई 30 फीसदी तक बढ़ी है, जबकि मार्केट कमोबेश फ्लैट रहा है। इसलिए बुनियादी रूप से देखा जाए तो मार्केट अब भी अट्रैक्टिव नजर आता है। लेकिन, पिछले तीन-चार महीनों में जिस तरह की तेजी आई है, उसे देखते हुए बाजार अगर कुछ महीने आराम करता नजर आए तो इसमें हैरानी की कोई बात नहीं होगी।
फ्लेक्सी-कैप फंड्स में निवेश करने से बनेगा पैसा
शंकर ने कहा कि अभी बाजार की जो स्थितियां हैं, उनमें मल्टी-कैप फंड में निवेश करना ठीक रहेगा। लेकिन, मैं फ्लेक्सी-कैप फंड्स में निवेश करने की सलाह दूंगा। इसकी वजह यह है कि फ्लेक्सी-कैप फंड्स के पास यह तय करने की सुविधा है कि उन्हें लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप में से किसमें अभी निवेश करना है। यह फंड मैनेजर के लिए बहुत अच्छी बात है। मल्टी-कैप फंड्स के साथ कुछ बंदिशें हैं। उन्हें 50 फीसदी लार्ज कैप में इनवेस्ट करना है। बाकी पैसा वे मिड और स्मॉलकैप में इनवेस्ट कर सकते हैं।
इनवेस्टमेंट से जुड़ी कंपनियां निवेश के लिए अच्छी
उन्होंने कहा कि इंडिया सहित दुनियाभर में पिछले दशक में फिजिकल कैपेक्स में निवेश हुआ है। ऐसे में मैन्युफैक्चरिंग और रियल एस्टेट जैसे सेक्टर में काफी एक्टिविटी दिख रही है। रियल एस्टेट में तिमाही दर तिमाही बिक्री में ग्रोथ दिख रही है। सरकार भी रेलवे और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही है। मेरा मानना है कि इनवेस्टमेंट से जुड़ी कंपनियां अलग नजर आती हैं। वे आने वाले दशक में अच्छा प्रदर्शन करेंगी। रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन अच्छा रहेगा।
आईटी स्टॉक्स की रौनक लौटेगी
आईटी शेयरों के बारे में उन्होंने कहा कि बाजार का रुख इन शेयरों को लेकर थोड़ा निराशावादी रहा है। यह पूछने पर कि क्या डर के बीच यह आईटी स्टॉक्स में निवेश करने का सही समय है, उन्होंने कहा कि इन शेयरों में आगे रिकवरी आएगी। इसकी वजह यह है कि ये शेयर काफी ज्यादा गिर चुके हैं। हालांकि, मैं यह कहना चाहूंगा कि अब भी ये सस्ते नहीं हैं।