घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) ने जोमैटो (Zomato) के शेयरों को बाय (BUY) रेटिंग दी है और इसके लिए 70 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह जौमैटो के शेयरों के मौजूदा बाजार भाव से करीब 30% अधिक है। जोमैटो के शेयर सोमवार 17 अप्रैल को एनएसई पर 0.09 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 53.90 रुपये के भाव पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों का पिछले एक साल का उच्चतम स्तर 84.40 रुपये और निम्नतम स्तर 40.60 रुपये है। इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 45 हजार करोड़ रुपये से कुछ अधिक है।
ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में कहा, "इंटरनेट की पहुंच, बढ़ती खपत और शहरीकरण बढ़ने से देश की फूड डिलीवरी इंडस्ट्री के मध्यम स्तर में काफी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। Zomato इस इंडस्ट्री की एक अग्रणी कंपनी है और हमें वित्त वर्ष 2023 से 2025 के दौरान कंपनी के रेवेन्यू में 29 फीसदी की सालाना दर से ग्रोथ का अनुमान है। हम उम्मीद करते हैं कि तगड़े कॉम्पिटीशन के बावजूद वित्त वर्ष 25 तक कंपनी के मुनाफे में आने से मजबूत ग्रोथ को बढ़ावा मिलेगा।"
मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि आने वाले समय में सेल्स के अनुपात में एंप्लॉयी लागत और दूसरे खर्चों में कमी आएगी। इसके चलते जोमैटा का ग्रॉस मार्जिन वित्त वर्ष 2025 तक बढ़कर 33.5 फीसदी पर पहुंचने का अनुमान है, जो वित्त वर्ष 2022 में 5.3 फीसदी था।
बता दें कि जोमैटो के फूड बिजनेस ने वित्त वर्ष 2023 की पहली तिमाही में EBITDA के स्तर पर ब्रेकइवन को छू लिया था। मोतीलाल ओसवाल ने कहा, "ऊपर बताए कारणों के चलते हमने स्टॉक को BUY रेटिंग के साथ कवर करना शुरू किया है और इसके 70 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।"
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और रॉय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।