MSCI इंडिया स्टैंडर्ड इंडेक्स में रीबैलेंसिंग होने वाली है। इस रीबैलेंसिंग की घोषणा 12 अगस्त को मार्केट बंद होने के बाद की जाएगी। इसके तहत इंडेक्स में 12 नई कंपनियां शामिल हो सकती हैं और 3 कंपनियां बाहर हो सकती हैं। अगर इन बदलावों की घोषणा होती है तो ये 31 अगस्त, 2026 से लागू होंगे।
अगस्त रिव्यू के दौरान MSCI इंडिया स्टैंडर्ड इंडेक्स में अदाणी ग्रीन, ग्रो (Groww) और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शामिल होने के बहुत ज्यादा चांस हैं। एथर एनर्जी के शामिल होने के चांस मीडियम हैं। इस कंपनी का शामिल होना बाकी ऑब्जर्वेशन पीरियड के दौरान इसके फ्री-फ्लोट एडजस्टेड मार्केट कैपिटलाइजेशन में लगातार सुधार पर निर्भर करेगा। वहीं, लेंसकार्ट और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAIL) के शामिल होने के चांस कम हैं।
किस नई एंट्री से कितने पैसिव फ्लो की उम्मीद
JM फाइनेंशियल की रिपोर्ट के अनुसार, अगर ग्रो को इंडेक्स में शामिल किया जाता है, तो लगभग 82.1 करोड़ डॉलर का पैसिव इनफ्लो आ सकता है। इसी तरह अदाणी ग्रीन में 77.3 करोड़ डॉलर, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 34.2 करोड़ डॉलर, एथर एनर्जी में 24.4 करोड़ डॉलर, लेंसकार्ट में 17.6 करोड़ डॉलर और SAIL में 17 करोड़ डॉलर का इनफ्लो आ सकता है।
MSCI इंडिया स्मॉल कैप इंडेक्स से स्टैंडर्ड इंडेक्स में जाने वाले स्टॉक्स में लॉरस लैब्स और बायोकॉन के बहुत ज्यादा चांस हैं। कोफोर्ज के चांस मीडियम हैं, जबकि ग्लेनमार्क फार्मा और ऊनो मिंडा के चांस कम हैं। इनका स्टैंडर्ड इंडेक्स में जाना फ्री-फ्लोट एडजस्टेड मार्केट कैपिटलाइजेशन में लगातार सुधार पर निर्भर करेगा।
JM फाइनेंशियल की रिपोर्ट में कहा गया है कि स्टैंडर्ड इंडेक्स में जाने पर कोफोर्ज में लगभग 56.7 करोड़ डॉलर का पैसिव इनफ्लो, लॉरस लैब्स में 55.4 करोड़ डॉलर का, ग्लेनमार्क फार्मा में 33 करोड़ डॉलर का, बायोकॉन में 28.5 करोड़ डॉलर और ऊनो मिंडा में 20.6 करोड़ डॉलर का पैसिव इनफ्लो आने का अनुमान है।
इंडेक्स से कौन सी कंपनियां होंगी बाहर
MSCI इंडिया स्टैंडर्ड इंडेक्स से बाहर होने वाली कंपनियों की बात करें तो एस्ट्रल (Astral) के बाहर होने के बहुत ज्यादा चांस हैं। SBI कार्ड्स के बाहर होने के चांस मीडियम हैं। बालकृष्ण इंडस्ट्रीज के बाहर होने के चांस कम हैं। अगर ये कंपनियां बाहर होती हैं, तो बालकृष्ण इंडस्ट्रीज से लगभग 16.7 करोड़ डॉलर, SBI कार्ड्स से 14.6 करोड़ डॉलर और एस्ट्रल से 13.8 करोड़ डॉलर का पैसिव आउटफ्लो हो सकता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।