MTAR Tech Share Price: MTAR Technologies के शेयर बुधवार को 11.5 फीसदी बढ़कर अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए। कंपनी ने मार्च तिमाही के लिए मज़बूत नतीजे पेश किए है और वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान को बढ़ा दिया है। इसके चलते आज इस शेयर में जोरदार तेजी आई है। NSE पर इंट्रा डे में यह स्टॉक 11.53 फीसदी चढ़कर अपने रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया। फिलहाल 11.45 बजे के आसपास यह शेयर 515.50 रुपए यानी 7.62 फीसदी बढ़ कर 7278 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है। आज का इसका दिन का हाई 7,418 रुपए है।
कंपनी ने मंगलवार को बाज़ार बंद होने के बाद अपने तिमाही नतीजे घोषित किए। मार्च 2025 को समाप्त चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा पिछले साल की इसी अवधि के 13.7 करोड़ रुपये के मुकाबले 222.6 प्रतिशत बढ़कर 44.2 करोड़ रुपये हो गया। इस तिमाही के दौरान कंपनी की कामकाजी आय 67.2 प्रतिशत बढ़कर 306 करोड़ रुपये पर रही जो एक साल पहले इसी अवधि में 183 करोड़ रुपये पर थी।
चौथी तिमाही में कंपनी की ब्याज,कर,मूल्यह्रास और अमोर्टाइजेशन (EBITDA) से पहले की कमाई इस तिमाही में 80.9 प्रतिशत बढ़कर 61.7 करोड़ रुपये हो गई,जो पिछले साल की इसी अवधि में 34.1 करोड़ रुपये थी। EBITDA मार्जिन एक साल पहले के 18.6 प्रतिशत से बढ़कर 20.2 प्रतिशत पर रहा।
मैनेजमेंट ने दिया मजबूत गाइडेंस
कंपनी ने FY27 के लिए अपने रेवेन्यू ग्रोथ के अनुमान को पहले के 50 प्रतिशत से बढ़ा कर 80 प्रतिशत कर दिया है। मैनेजमेंट का कहना है कि उसे FY27 के दौरान सभी बिज़नेस वर्टिकल्स में बड़े ऑर्डर मिलने का पूरा भरोसा है। MTAR Technologies को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 के अंत तक उसकी ऑर्डर बुक मौजूदा 2,582 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,000 करोड़ रुपये हो जाएगी।
MTAR Tech पर मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट
MTAR Tech पर जारी मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस तिमाही में ग्रॉस मार्जिन 44.2 प्रतिशत रहा,जो पिछले साल के मुकाबले 800 बेसिस पॉइंट्स कम है। बिक्री के प्रतिशत के रूप में कर्मचारियों पर खर्च और अन्य खर्च 14.1 प्रतिशत और 10 प्रतिशत रहे। इन दोनों में ही पिछले साल के मुकाबले 480 बेसिस पॉइंट्स की गिरावट आई है। तिमाही नतीजों के बाद मोतीलाल ओसवाल ने इस शेयर पर "खरीदने" की सलाह (buy recommendation) को बरकरार रखा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।